साल के पेड़ों की कटाई की पद्मश्री जमुना टुडू ने की निंदा
चाकुलिया के तसरीशोल साल जंगल में अज्ञात लोगों द्वारा पेड़ों की कटाई की गई है। वन सुरक्षा महासमिति की अध्यक्ष पद्मश्री जमुना टुडू ने घटना पर रोष व्यक्त किया और वन विभाग की उदासीनता पर सवाल उठाया। उन्होंने जंगल के संरक्षण के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चाकुलिया। चाकुलिया वन क्षेत्र के तसरीशोल साल जंगल में विगत दिनों अज्ञात लोगों द्वारा साल के पेड़ काटे जाने की सूचना पाकर गुरूवार को वन सुरक्षा महासमिति की अध्यक्ष पद्मश्री जमुना टुडू ने घटना स्थल पहुंच कर जायजा लिया। जमुना टुडू ने घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वन विभाग के पदाधिकारियों और कर्मचारियों की उदासीनता के कारण जंगल से पेड़ों की कटाई हुई है। उन्होंने कहा कि जंगल से साल पेड़ों की कटाई अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मशीन से की गई। इसकी भनक तक विभाग को नही लगी। यह संदेहजनक है। उन्होंने कहा कि जंगल में पेड़ों को काटने का मामला एक दो दिन में नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में जंगल से पेड़ों की कटाई किसी माफिया के इशारे पर हुई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार जंगल संरक्षण करने की बात कर रही है। वहीं माफिया जंगल का विनाश कर रहे हैं। यह चिंता का विषय है। उन्होंने इस संबंध में विभाग के वरीय पदाधिकारी से दूरभाष पर बात कर मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

