मवेशी तस्करी के आरोप में तीन गिरफ्तार, खुलासा- डोरंडा वधशाला ले जा रहा था
रांची में पंडरा ओपी पुलिस ने अवैध मवेशी तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मवेशी को डोरंडा वधशाला ले जाया जा रहा था। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने आगजनी मामले में भी नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

रांची, प्रमुख संवाददाता। पंडरा ओपी पुलिस ने अवैध रूप से मवेशी की तस्करी के आरोप में गाड़ी मालिक समेत तीन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में समीर अंसारी, इल्ताफ कुरैशी और मो असीर शामिल हैं। मामले के अन्य आरोपी मौके से फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मवेशी को डोरंडा वधशाला ले जाया जा रहा था। इसी बीच पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इससे पहले पुलिस की टीम ने आगजनी व पुलिस के साथ मारपीट मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। मवेशी तस्करी मामले में दारोगा लालमोहन खड़िया ने गाड़ी के मालिक, चालक व उसके सहयोगी के खिलाफ पंडरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
आरोप लगाया है कि 20 सितंबर को वह गश्ती में थे। इसी दौरान अवैध रूप से मवेशी की तस्करी की गुप्त सूचना मिली। इसी आधार पर पिस्का मोड़ रोड जब वह पहुंचे तो देखा कि बड़ी संख्या में लोग पिकअप वैन को रोक कर रखे हैं। उसमें मवेशी लोड था। मवेशी को चालक समेत अन्य लोगों द्वारा चोरी कर लाया गया है। भीड़ अचानक उग्र हो गई और मवेशी को गाड़ी से उतारकर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। हालांकि, भीड़ को पुलिस कर्मियों द्वारा रोकने का भी प्रयास किया गया। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।


