अवैध हथियार व चोरी की बाइक के साथ युवक को दबोचा
गुठनी में पुलिस ने देर रात एक युवक को अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। युवक की पहचान मुकेश यादव के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि विशेष अभियान के तहत गश्त बढ़ाई गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गुठनी, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के डरैला तीन मुहानी स्थित ईंट भट्टे के समीप बुधवार की देर रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर युवक को अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के एकडंगा गांव निवासी मुकेश यादव के रूप में किया है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक गोली व चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि देर रात गश्त के दौरान संदेह के आधार पर युवक को रोककर तलाशी ली गई। इसमें उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध से जुड़े कई तथ्यों की जानकारी पुलिस को दी।
अपराधिक पृष्ठभूमि
थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकेश यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट, उत्पाद अधिनियम सहित करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद हथियार का उपयोग आपराधिक घटनाओं में किया जाता था। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


