बिना पर्ची गर्भपात की दवाएं बेचते पकड़ा
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पलवल में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जो बिना डॉक्टर की पर्ची के गर्भपात की दवाएं बेच रहा था। टीम ने बोगस ग्राहक का उपयोग करके क्लीनिक पर छापा मारा और गर्भपात किट व प्रतिबंधित दवाएं बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की मौके से गर्भपात किट और अन्य प्रतिबंधित दवाएं बरामद
गिरफ्तारी का विवरण
पलवल, संवाददाता। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को पलवल में अवैध रूप से क्लीनिक चलाने वाले एक व्यक्ति को पकड़ा है। आरोपी बिना डॉक्टर की पर्ची के गर्भपात की दवाएं बेच रहा था। मौके से गर्भपात किट और अन्य प्रतिबंधित दवाएं भी बरामद हुईं।
सूचना और कार्रवाई
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि इस्लामाबाद उर्फ ईश्वर नगर में सरकारी स्कूल के पास संचालित एक क्लीनिक पर बिना अनुमति गर्भपात कराया जाता है और गर्भपात की दवाएं बेची जाती हैं। सूचना के आधार पर सीएमओ पलवल की ओर से गठित टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई।
बोगस ग्राहक का प्रयोग
टीम ने एक महिला को बोगस ग्राहक बनाकर क्लीनिक पर भेजा। उसे पहले से नंबर दर्ज किए गए 600 रुपये दिए गए थे। क्लीनिक पर मौजूद व्यक्ति ने बिना किसी वैध चिकित्सकीय पर्चे के उसे गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली दवाएं उपलब्ध कराईं और उनका सेवन करने का तरीका भी बताया।
पुलिस कार्रवाई
संकेत मिलते ही संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से क्लीनिक पर छापा मारा। मौके पर मौजूद व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपनी पहचान हरिओम निवासी बास मोहल्ला, पलवल के रूप में बताई। तलाशी के दौरान बोगस ग्राहक से लिए गए 600 रुपये भी बरामद कर लिए गए। जांच में सामने आया कि हरिओम के पास क्लीनिक चलाने या इस प्रकार की दवाएं देने संबंधी कोई वैध डिग्री अथवा अनुमति नहीं थी। टीम को क्लीनिक से गर्भपात किट के अलावा अन्य प्रतिबंधित दवाएं भी मिलीं, जिन्हें नियमानुसार कब्जे में लेकर स्पॉट मेमो तैयार किया गया।स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर थाना कैंप पलवल में आरोपी के खिलाफ गर्भपात की दवा बेचने और बिना वैध डिग्री के क्लीनिक चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है。


