आईआईटी पटना के दूसरे दीक्षांत समारोह में 2620 को मिलेगी डिग्री
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना में 2620 छात्रों के लिए दूसरा दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में दो स्वर्ण पदक और आठ रजत पदक उत्कृष्ट विद्यार्थियों को दिए जाएंगे। मुख्य अतिथि अभयानंद होंगे, जिन्होंने दीक्षांत संबोधन दिया। निदेशक प्रो. टीएन सिंह की रिपोर्ट के बाद छात्र सामूहिक संकल्प लेंगे।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना में हाइब्रिड माध्यम से संचालित शैक्षणिक कार्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए दूसरा दीक्षांत समारोह सोमवार को होगा। संस्थान सभागार में पूर्वाह्न 11:30 बजे से शुरू होने वाले समारोह में 2620 सफल छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दो स्वर्ण पदक और आठ रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा। अध्यक्षता आईआईटी पटना के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) के अध्यक्ष व टाटा स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन वीसी से करेंगे। संस्थान के निदेशक प्रो. टीएन सिंह भी समारोह की अध्यक्षता में सहभागी रहेंगे।समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं प्रख्यात शिक्षाविद अभयानंद होंगे, जो दीक्षांत संबोधन देंगे।
जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के कुलपति प्रो. परमेन्द्र कुमार बाजपेयी विशिष्ट सम्मानित अतिथि के रूप में रहेंगे।निदेशक प्रो. टीएन सिंह संस्थान की उपलब्धियों व हाइब्रिड शैक्षणिक कार्यक्रमों की प्रगति पर आधारित निदेशक प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदक प्रदान किए जाएंगे और कुल 2620 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। डिग्री वितरण के उपरांत सभी उपाधि प्राप्त छात्र-छात्राएं सामूहिक संकल्प भी लेंगे। समापन आईआईटी पटना के कुलसचिव प्रो. एके ठाकुर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा।


