आईआईटी दिल्ली में अत्याधुनिक सीएनसी और स्टरलाइजेशन लैब शुरू
- स्वदेशी मेडिकल उपकरणों को मिलेगा बढ़ावा नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाता भारतीय

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली में चिकित्सा उपकरण और निदान प्रौद्योगिकी के विकास को गति देने के लिए एमप्रगति केंद्र में अत्याधुनिक कंप्यूटर न्यूमेरिकल कंट्रोल (सीएनसी) तथा स्टरलाइजेशन एवं पैकेजिंग लैब का उद्घाटन किया गया। इन सुविधाओं का उद्घाटन भारत सरकार के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव तथा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ.राजीव बहल ने किया।
नई सीएनसी सुविधा
आईआईटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार नई सीएनसी सुविधा चिकित्सा प्रत्यारोपण, शल्य चिकित्सा उपकरण, दंत चिकित्सा उपकरण और निदान संबंधी पुर्जों के अत्यधिक सटीक निर्माण में सक्षम है। इसमें बहु-अक्ष मशीनिंग, स्विस-प्रकार टर्निंग और उच्च गति मिलिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इससे मरीजों की आवश्यकता के अनुरूप विशेष उपकरणों के साथ-साथ मानकीकृत उपकरणों का भी स्वदेशी निर्माण संभव होगा और आयात पर निर्भरता कम होगी। स्टरलाइजेशन एवं पैकेजिंग लैब में चिकित्सा उपकरणों, निदान किट और जैव-चिकित्सीय उत्पादों के विकास, परीक्षण, स्टरलाइजेशन और पैकेजिंग की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसमें एथिलीन ऑक्साइड और स्टीम ऑटोक्लेव आधारित स्टरलाइजेशन प्रणाली, स्वचालित अभिकर्मक वितरण प्रणाली, स्थायित्व परीक्षण कक्ष, लेजर वेल्डिंग, लेजर मार्किंग, वैक्यूम पैकेजिंग तथा उत्पाद ट्रेसबिलिटी जैसी आधुनिक सुविधाएं स्थापित की गई हैं।
विशेष सुविधाएं
इसके अलावा प्रयोगशाला में आणविक और जैविक परीक्षण के लिए रियल-टाइम पीसीआर प्रणाली, एचपीएलसी, फ्लोरोसेंस माइक्रोस्कोपी, जैव सुरक्षा कैबिनेट, कार्बन डाइऑक्साइड इनक्यूबेटर और अति-निम्न तापमान भंडारण जैसी उन्नत वैज्ञानिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इनकी मदद से गुणवत्ता परीक्षण, जैविक सत्यापन, नियामकीय अनुपालन और चिकित्सा प्रौद्योगिकी को प्रयोगशाला से अस्पतालों और बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज होगी।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में
आईआईटी दिल्ली के अनुसार, नई सुविधाएं प्रयोगशाला में विकसित तकनीकों को व्यावसायिक उत्पादों में बदलने की प्रक्रिया को मजबूत करेंगी, उच्च गुणवत्ता वाले स्वदेशी चिकित्सा उपकरणों के विकास को बढ़ावा देंगी और 'आत्मनिर्भर भारत' के लक्ष्य के साथ देश के चिकित्सा प्रौद्योगिकी क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान करेंगी।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


