तकनीक से बढ़ेगा भारतीय भाषाओं का संवाद : हरिवंश
आईआईटी बीएचयू में हिंदी माह-2026 के अंतर्गत एक समारोह आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि हरिवंश ने भारतीय भाषाओं का प्रसार करने में तकनीक की भूमिका पर बात की। उन्होंने साहित्य के माध्यम से समाज की चेतना को विकसित करने की प्रेरणा दी। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।

वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में बुधवार को हिंदी माह-2026 के अंतर्गत मुख्य समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने ‘हिंदी : समाचार पत्र के पृष्ठ से संसद के गलियारे तक’ विषय पर संबोधित करते हुए भारतीय भाषाओं के प्रसार में तकनीकी की भूमिका पर चर्चा की। मुख्य अतिथि ने साहित्य को समाज की चेतना, विचार और संवेदनशीलता को परिष्कृत करने वाला माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों को इससे जुड़ने की प्रेरणा दी। संसद में भारतीय भाषाओं के बढ़ते प्रयोग और संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं में अनुवाद की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित अनुवाद तकनीक को भाषाई संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं के परस्पर संपर्क से राष्ट्रीय एकता और जनचेतना को नई दिशा मिल सकती है। निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और विचारों की अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने हिंदी सहित सभी भाषाओं के प्रति सम्मान एवं उनके व्यवहारिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। कार्यक्रम में हिंदी माह के दौरान आयोजित गतिविधियों की उप कुलसचिव (राजभाषा) डॉ. अमित कुमार सिंह ने जानकारी दी। इस दौरान प्रो. एनके मुखोपाध्याय, प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी, डीन प्रो. राजेश कुमार, प्रो. पीके पांडा, प्रो. केके सिंह सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजभाषा प्रकोष्ठ के शशांक पाठक ने किया。
ये हुए पुरस्कृत
समारोह के दौरान कुलसचिव सुमित कुमार विश्वास ने पुरस्कार वितरण किया। हिंदी कहानी कर्मचारी वर्ग में सिमरन अखौरी, अंकित जैन और अभिषेक कुमार शर्मा विजेता रहे। छात्र वर्ग में सिद्धार्थ त्रिवेदी, मयंक यादव और प्रद्युम्न मंगल को पुरस्कार मिला। निबंध प्रतियोगिता में कर्मचारी अंकित जैन, रितेश रंजन सिन्हा, यमन जायसवाल और छात्र सिद्धार्थ त्रिवेदी, समृद्धि वर्मा और सौरभ सेन प्रथम तीन विजेता रहे। इसी तरह हिंदी व्यंग्य, पत्र लेखन एवं राजभाषा नियम-अधिनियम प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, हिंदी श्रुतलेख और हिंदी स्लोगन प्रतियोगिता में भी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

