आईआईटी बीएचयू का 15वां दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को
आईआईटी बीएचयू का 15वां दीक्षांत समारोह 31 अक्टूबर को होगा। पहले यह तिथि 6 नवंबर रखी गई थी जिसे संशोधित किया गया है। इस साल 1700 से अधिक छात्र स्नातक और पीएचडी की डिग्री प्राप्त करेंगे। मेडल और पुरस्कार के विजेताओं की भी सूची तैयार की जा रही है।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। आईआईटी बीएचयू का 15वां दीक्षांत समारोह इस वर्ष 31 अक्टूबर को आयोजित होगा। सोमवार को आईआईटी ने दीक्षांत समारोह की आधिकारिक तिथि की घोषणा कर दी। इस वर्ष के शैक्षणिक कैलेंडर में दीक्षांत तिथि छह नवंबर रखी गई थी। इसे संशोधित कर 31 अक्टूबर कर दिया गया है। दीक्षांत तिथि की घोषणा के बाद आईआईटी स्नातक, स्नातकोत्तर, आईडीडी और पीएचडी के छात्रों की सूची को अंतिम रूप देने में लग गया है। इसके साथ ही मेडल और पुरस्कार विजेताओं की सूची भी तैयार की जा रही है। इस साल 1700 से ज्यादा मेधावी छात्र-छात्राएं आईआईटी से अपनी पढ़ाई पूरी करेंगे।
इनमें बीटेक के लगभग एक हजार स्नातक शामिल होंगे। इनके अलावा आईडीडी, एमटेक-एम फार्मा, एमएएसी और पीएचडी के छात्र शामिल होंगे। समारोह के मुख्य अतिथि के नाम से भी अभी पर्दा उठना बाकी है। आईआईटी के डीन एकेडमिक प्रो. देवेंद्र सिंह ने बताया कि शैक्षणिक कैलेंडर में अनुमानित तिथि दी जाती है। इसमें हर वर्ष बदलाव किया जाता है। इस साल 31 अक्टूबर को ही दीक्षांत समारोह का आयोजन होगा।


