इग्नू के जुलाई 2026 सत्र में नामांकन एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक विस्तारित
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र के अंतर्गत विभिन्न स

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र के अंतर्गत विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में नए नामांकन तथा पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई तक कर दी गयी है। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू शिक्षार्थी सहायता केंद्र पूर्णिया कॉलेज के माध्यम से नामांकन संबंधी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। नामांकन की संपूर्ण प्रक्रिया इग्नू के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है। विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार नामांकन से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए अपार आईडी होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, ऐसे शिक्षार्थी जो अपने कार्यक्रम के द्वितीय अथवा तृतीय वर्ष या सेमेस्टर में पुनः पंजीकरण कराना चाहते हैं, वे भी 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इग्नू शिक्षार्थी सहायता केंद्र पूर्णिया कॉलेज के सहायक समन्वयक डॉ. सुरज सिंह ने बताया कि इग्नू के पाठ्यक्रम रोजगारोन्मुखी, कौशल-आधारित एवं लचीली शिक्षण प्रणाली पर आधारित हैं, जिससे विद्यार्थी अपनी नौकरी, व्यवसाय अथवा अन्य पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ उच्च शिक्षा सहज रूप से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा नियमित शैक्षणिक परामर्श, समयबद्ध सूचनाएं तथा विद्यार्थियों को निरंतर सहयोग उपलब्ध कराया जाता है, जिसके कारण नामांकन में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों एवं शिक्षार्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना यथाशीघ्र अपनी नामांकन अथवा पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि अंतिम समय में होने वाली तकनीकी अथवा अन्य असुविधाओं से बचा जा सके। अधिक जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवसों में इग्नू शिक्षार्थी सहायता केंद्र पूर्णिया कॉलेज से संपर्क कर सकते हैं। डॉ. सुरज सिंह ने बताया कि नामांकन के उपरांत पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, बिहार सरकार की मुख्यमंत्री बालिका (स्नातक) प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत इग्नू से स्नातक उत्तीर्ण पात्र छात्राओं को ₹50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए छात्रा का बिहार की मूल निवासी होना तथा बिहार स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से स्नातक कार्यक्रम पूर्ण करना आवश्यक है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


