इफको के प्रशिक्षण में नैनो यूरिया-डीएपी के इस्तेमाल पर जोर
आरा में जिला कृषि कार्यालय द्वारा इफको के सहयोग से बिक्री केंद्र प्रभारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नैनो उर्वरक के उपयोग पर जानकारी दी गई, जिसमें नैनो यूरिया और नैनो डीएपी शामिल हैं। लगभग 80 पैक्स और सहकारी समिति प्रभारी इसमें शामिल हुए, और किसानों को आधुनिक उर्वरक के लाभ के बारे में जागरूक किया गया।

आरा, एसं। जिला कृषि कार्यालय में गुरुवार को बिक्री केंद्र प्रभारियों के लिए इफको की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएओ डॉ नीरज कुमार, इफको के राज्य विपणन प्रबंधक आनंद श्रीवास्तव, बिस्कोमान के क्षेत्र अधिकारी अमित रंजन और कृषि अभियंत्रण विभाग के उप निदेशक अभियंता मंटू कुमार उपस्थित थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भोजपुर जिले के करीब 80 पैक्स और इफको के सहकारी समिति प्रभारी मौजूद थे। कार्यक्रम में नैनो उर्वरक (नैनो यूरिया व नैनो डीएपी) के उपयोग, लाभ, प्रयोग की सही विधि और किसानों के बीच इसके प्रभावी प्रचार-प्रसार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को आधुनिक व संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करने और इफको के आधुनिक उर्वरक उत्पादों को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
राज्य विपणन प्रबंधक आनंद श्रीवास्तव ने बिक्री केंद्र प्रभारियों से किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने, नैनो उर्वरकों के प्रति किसानों को जागरूक करने व इफको के उत्पादों के प्रभावी प्रचार-प्रसार व बिक्री व्यवस्था को सुदृढ़ करने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। डीएओ डॉ नीरज कुमार ने एफएफएस की नई व्यवस्था, उसके सुचारू संचालन व प्रभावी अनुपालन के संबंध में जरुरी दिशा-निर्देश दिए।

