ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देश'भारत से F-21 लड़ाकू विमान की पेशकश से मजबूत होगा मेक-इन-इंडिया'

'भारत से F-21 लड़ाकू विमान की पेशकश से मजबूत होगा मेक-इन-इंडिया'

वैमानिक प्रौद्योगिकी क्षेत्र की विशाल अमेरिकी कंपनी लाकहीड मार्टिन ने मंगलवार को कहा कि भारत को एफ21 लड़ाकू विमान की पेशकश में 'मेक-इन-इंडिया' के लिए मजबूत जगह है। कंपनी का कहना है कि भारत इस...

'भारत से F-21 लड़ाकू विमान की पेशकश से मजबूत होगा मेक-इन-इंडिया'
एजेंसी,नई दिल्लीWed, 17 Jul 2019 07:28 AM
ऐप पर पढ़ें

वैमानिक प्रौद्योगिकी क्षेत्र की विशाल अमेरिकी कंपनी लाकहीड मार्टिन ने मंगलवार को कहा कि भारत को एफ21 लड़ाकू विमान की पेशकश में 'मेक-इन-इंडिया' के लिए मजबूत जगह है। कंपनी का कहना है कि भारत इस पेशकश को स्वीकार करता है तो वह ''लड़ाकू विमान बनाने के दुनिया के सबसे बड़े परिस्थितिकी तंत्र से जुड़ जायेगा।"

लॉकहीड मार्टिन के रणनीति एवं कारोबार विकास प्रभाग के उपाध्यक्ष विवेक लाल का कहना है कि भारत की शुरुआती मांग 114 विमानों की है। लेकिन उन्हें भरोसा है कि यह मांग आगे बढ़ेगी। उन्होंने यहां लाकहीड मार्टिन और टाटा समूह के आपूर्तिकर्ताओं के सम्मेलन में कहा, 'एफ21 की पेशकश के साथ वैश्विक उत्पादन में भागीदारी की पेशकश जुड़ी है।"

उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से भारत के तैयार होने से एफ21 की वैश्विक मांग को गति मिलेगी। गौरतलब है कि भारतीय वायुसेना ने अप्रैल में 114 लड़ाकू विमान खरीदने की प्रारंभिक निविदा जारी की। इनकी लागत करीब 18 अरब डॉलर हो सकती है। इस ठेके के लिए लॉकहीड मार्टिन का एफ21, बोइंग का एफ/ए 18, दसाल्ट एविएशन का राफेल, यूरोफाइटर टायफून, रूस का मिग 35 और स्वीडन की साब कंपनी का ग्रिपेन दौड़ में हैं।

लाल ने कहा कि लाकहीड मार्टिन और टाटा समूह का गठबंधन केवल कुछ कंपनियों तक सीमित नहीं है। हमारे 3000 से अधिक एफ-16 विमान पूरी दुनिया में उड़ रहे हैं। विमानों की बिक्री के बाद की सहायता की व्यवस्था महत्वपूर्ण होती है। हमारा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र दुनिया में सबसे बड़ा है।

उन्होंने कहा कि 'हम भारत के साथ दीर्घकालिक भागीदारी चाहते हैं और भारत के लिए कई कारणों से एफ21 अनूठा होगा। उन्होंने कहा कि इसमें 'मेक-इन-इंडिया के लिए बड़ा मजबूत स्थान होगा।' उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी भारत में अब तक अपनी भावी योजना के लिए 200 से अधिक कंपनियों से संपर्क में है। यह सूची बढ़ती जा रही है। भारत से एफ21 का ठेका मिलता है तो इसमें चरणबद्ध तरीके से ''मेक-इन-इंडिया" का सिलसिला जुड़ता जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें