आईडीबीआई बैंक को खरीदेगी कनाडा की फेयरफैक्स

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

केंद्र सरकार ने आईडीबीआई बैंक की 60.72 फीसदी हिस्सेदारी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स की सहायक कंपनी को बेचने की मंजूरी दी है। 52,878.08 करोड़ रुपये के इस सौदे में केंद्र सरकार और एलआईसी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। सफल बोलीदाता ने 81 रुपये प्रति शेयर की पेशकश की। सौदा चालू वित्त वर्ष के अंत से पहले पूरा होने की उम्मीद है।

आईडीबीआई बैंक को खरीदेगी कनाडा की फेयरफैक्स

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्र सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन की प्रक्रिया का रास्ता साफ कर दिया है। बुधवार को आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने कनाडा से जुड़ी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स की सहायक कंपनी को बैंक की 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है। इस सौदे का कुल मूल्य 52878.08 करोड़ रुपये है। सौदे के तहत बैंक से जुड़ी हिस्सेदारी में से केंद्र सरकार 30.48 फीसदी और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) 30.24 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी। सौदा पूरा होने के बाद सरकार के पास बैंक की 15 फीसदी और एलआईसी के पास 19 फीसदी हिस्सेदारी बची रहेगी।

बैंक की वित्तीय स्थिति और पुनर्गठन

आईडीबीआई बैंक की वित्तीय स्थिति कमजोर होने के कारण उसे कई बार अतिरिक्त पूंजी की जरूरत पड़ी थी। शुरुआत में केंद्र सरकार और बाद में एलआईसी ने बैंक में पूंजी डाली। बैंक की गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) और लगातार हुए नुकसान को देखते हुए आरबीआई ने पांच मई 2017 को उसे त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई ढांचे के तहत रखा था। इसके तहत बैंक पर कई तरह की पाबंदियां लगाई गई थीं। बैंक की वित्तीय स्थिति में सुधार के बाद आरबीआई ने 10 मार्च 2021 को कुछ शर्तों के साथ पाबंदियों को हटा दिया था। इसके बाद बैंक के पुनर्गठन और हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। मंत्रिमंडल के फैसले की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस कदम से देश के वित्तीय क्षेत्र में विदेशी निवेश बढ़ेगा। इसके साथ ही, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

दो चरणों में पूरी हुई बोली प्रक्रिया

-----------

दो चरणों में पूरी हुई बोली प्रक्रिया

बैंक की हिस्सेदारी बेचने के लिए प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए खरीदार चुनने का निर्णय किया गया। पूरी प्रक्रिया में अंतर-मंत्रालयी समूह, विनिवेश सचिवों का मुख्य समूह और अधिकार प्राप्त मंत्रियों का समूह शामिल रहा। सरकार ने सात अक्तूबर 2022 को प्रारंभिक सूचना ज्ञापन जारी कर इच्छुक पक्षों से रुचि पत्र आमंत्रित किए थे। शुरुआती दौर में पांच पक्षों ने रुचि दिखाई। इनमें से चार पक्ष पात्रता मानकों पर खरे उतरे। भारतीय रिजर्व बैंक से उपयुक्तता संबंधी मंजूरी और गृह मंत्रालय से सुरक्षा मंजूरी प्राप्त करने की शर्त भी रखी गई थी। इसके बाद तकनीकी और वित्तीय बोलियां आमंत्रित की गईं। अंततः दो पक्षों ने अपनी बोलियां जमा कीं और योग्य बोलीदाता बने। इन बोलियों का मूल्यांकन करने के बाद सीसीईए ने फेयरफैक्स समूह से जुड़ी कंपनी को खरीदने की मंजूरी दी। इससे पहले दो स्वतंत्र एजेंसियों ने मूल्यांकन किया। मूल्यांकन अवधि के दौरान बैंक के शेयर में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। इसकी कीमत 61.01 रुपये से लेकर 118.38 रुपये प्रति शेयर के बीच रही। सरकार के अनुसार सीमित कारोबार और कीमत में अधिक उतार-चढ़ाव के कारण शेयर बाजार की कीमत को बैंक के वास्तविक कारोबारी मूल्य का सही संकेतक नहीं माना गया।

बैंक के मूल्यांकन के तरीके

------------------

मूल्यांकन के दो तरीके अपनाए गए

बाजार में समान कंपनियों के मूल्यांकन की तुलना: सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के 31 मार्च 2026 के वित्तीय आंकड़ों के आधार पर बाजार गुणक पद्धति से आईडीबीआई बैंक का मूल्यांकन किया गया।

संपत्ति मूल्यांकन पद्धति: बैंक की जमीन, इमारतों और अन्य मूर्त एवं अमूर्त संपत्तियों के साथ उसकी देनदारियों को ध्यान में रखकर वास्तविक शुद्ध परिसंपत्ति मूल्य निकाला गया।

दो स्वतंत्र एजेंसियों ने इन दोनों तरीकों से बैंक का मूल्यांकन किया। दोनों के आकलन का औसत 75.99 रुपये प्रति शेयर रहा। इसे बोलियों के मूल्यांकन के लिए मानक कीमत बनाया गया।

81 रुपये प्रति शेयर की बोली

-------------

81 रुपये प्रति शेयर की बोली को उचित माना

सफल बोलीदाता ने अपनी सर्वश्रेष्ठ पेशकश में 81 रुपये प्रति शेयर की कीमत दी। यह कीमत 75.99 रुपये के निर्धारित मानक मूल्य के साथ-साथ दोनों स्वतंत्र एजेंसियों के उचित मूल्यांकन से भी अधिक थी। इसी आधार पर सरकार ने बोली को उचित मानते हुए मंजूरी दी।

सौदे की शर्तें और आगे की प्रक्रिया

----------

अन्य अहम फैसले

- सौदे को अंतिम रूप देने से पहले सफल खरीदार को भारतीय रिजर्व बैंक के समक्ष अपनी पात्रता और विश्वसनीयता से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

- आरबीआई की निर्धारित नियामकीय शर्तों का पालन करने के लिए अपना रोडमैप भी देना होगा। इसके बाद ही सौदे की आगे की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी।

- सीसीईए ने सरकार के पास सौदे के बाद बचने वाली 15 फीसदी हिस्सेदारी में से अल्पांश हिस्सेदारी बेचने के लिए अधिकार प्राप्त मंत्रियों के समूह को भी अधिकार दिया।

- सरकार द्वारा बिक्री निर्धारित मानक प्रक्रिया के अनुसार खुले बाजार के माध्यम से की जा सकेगी।

- एलआईसी अपनी बची हुई 19 फीसदी हिस्सेदारी के बारे में अपनी आंतरिक प्रक्रियाओं के अनुसार फैसला कर सकेगा।

- तीन वर्ष तक कंपनी के नाम और ब्रांड में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।

सौदा पूरा होने की समयसीमा और ग्राहकों पर असर

चालू वित्तीय वर्ष से पहले पूरा होगा सौदा

निवेश एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने कहा कि इस सौदे को चालू वित्त वर्ष के अंत से पहले पूरा कर लिया जाएगा। फेयरफैक्स को अल्पांश शेयरधारकों के लिए भी खुली पेशकश करनी होगी। फेयरफैक्स की सीएसबी बैंक में भी हिस्सेदारी है। उसे दो साल के भीतर सीएसबी बैंक का आईडीबीआई बैंक में विलय करना होगा या फिर सीएसबी बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचकर बाहर निकलना होगा।

ग्राहकों पर क्या होगा असर?

बैंक के निजीकरण के बाद उसके संचालन, प्रबंधन और कारोबारी रणनीति में बदलाव संभव है। नए निवेशक के आने से बैंक की कार्यप्रणाली और विस्तार योजनाओं को नई दिशा मिल सकती है। हालांकि, ग्राहकों की जमा राशि, खाते, कर्ज और दूसरी बैंकिंग सेवाओं में तत्काल क्या बदलाव होंगे, यह आगे होने वाली आधिकारिक घोषणाओं पर निर्भर करेगा।

एलआईसी और सरकार को क्या मिलेगा

किसको क्या हासिल हुआ

एलआईसी ने जनवरी 2019 में ₹60.73 प्रति शेयर के भाव पर निवेश किया था, ₹उसे 81 के भाव पर बिक्री से करीब 33% अधिक कीमत मिल रही है। एलआईसी को हिस्सेदारी बिक्री से करीब ₹26,300 करोड़ मिलने का अनुमान, जबकि 2019 में उसका नकद निवेश ₹26,367 करोड़ था। हिस्सेदारी बेचने के बाद भी एलआईसी की बैंक में 19% हिस्सेदारी बनी रहेगी। केंद्र सरकार को हिस्सेदारी बिक्री से करीब ₹26,500 करोड़ मिलेंगे, जबकि 2010–2020 के दौरान बैंक में ₹27,441 करोड़ की पूंजी डाली गई थी।

विनिवेश लक्ष्य और सरकार का रुख

आठ साल बाद विनिवेश लक्ष्य पार कर सकती है सरकार

यह डील एयर इंडिया के बाद केंद्र सरकार का सबसे बड़ा विनिवेश है। सरकार चालू वित्त वर्ष 2026-27 में आठ साल बाद पहली बार विनिवेश लक्ष्य पार कर सकती है। आईडीबीआई बैंक की 52,878 करोड़ रुपये की रणनीतिक बिक्री से इसे मदद मिलने की उम्मीद है। सरकार ने पूरे वित्त वर्ष के लिए विनिवेश और परिसंपत्ति मौद्रीकरण से 80,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। अब तक एलआईसी और कोल इंडिया समेत नौ सार्वजनिक उपक्रमों में अल्पांश हिस्सेदारी बेचकर 55,757 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं।

जारी रहेगी सुधार एक्सप्रेस : वित्त मंत्री

इस मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि सरकार लगातार सुधार की दिशा में काम कर रही है। इस फैसले से देश में विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही, आर्थिक विकास को गति देने के लिए देश में सुधार एक्सप्रेस नियमित तौर पर जारी रहेगी।

आईडीबीआई बैंक सौदे से जुड़े सवाल-जवाब

✦आईडीबीआई बैंक की कितनी हिस्सेदारी फेयरफैक्स समूह से जुड़ी कंपनी खरीदेगी?−
फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स की सहायक कंपनी बैंक की 60.72 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsआईडीबीआई बैंक को खरीदेगी कनाडा की फेयरफैक्स