मुंगेर: शराब पार्टी के बाद फायरिंग, 4 बैंक कर्मी समेत 5 गिरफ्तार
मुंगेर के बेटवन बाजार में शुक्रवार रात आईसीआईसीआई बैंक के कर्मचारियों ने शराब पार्टी के दौरान फायरिंग की। नशे में धुत कर्मचारियों ने सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से 6 राउंड फायरिंग की। इस घटना में पुलिस ने 5 बैंक कर्मियों और उनके पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मुंगेर से त्रिपुरारी मिश्रा की रिपोर्ट कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेटवन बाजार में शुक्रवार की रात शराब पार्टी के दौरान आईसीआईसीआई बैंक कर्मियों ने जमकर बवाल काटा। नशे में धुत कर्मियों ने सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी दोनाली बंदूक से किराए के मकान की खिड़की से ताबड़तोड़ 6 राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज से पूरे रिहायशी इलाके में दहशत फैल गई।स्थानीय लोगों की सूचना पर कासिम बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से बैंक कर्मी अंकित कुमार, सुधांशु कुमार, राहुल कुमार, शशांक शेखर और उनके पड़ोसी आशीष कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थल से दोनाली बंदूक और 6 खोखे बरामद हुए हैं।थानाध्यक्ष रुबिकांत कच्छप ने बताया कि सभी आरोपियों पर आर्म्स एक्ट और उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छुट्टी के दिन बैंक से हथियार बाहर आने पर बैंक सुरक्षा प्रणाली की भी जांच की जा रही है।


