आईसीएआर-एनबीएआईएम और आईटीसी लिमिटेड के बीच तीन वर्षीय समझौता
- 1.70 लाख एकड़ क्षेत्र में 1.50 लाख किसानों तक पहुंचेगी सूक्ष्मजीव आधारित जैव-उत्पाद तकनीक- 1.70 लाख एकड़ क्षेत्र में 1.50 लाख किसानों तक पहुंचेगी सूक्

मऊ, संवाददाता। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय कृषि सूक्ष्मजीव ब्यूरो मऊ और आईटीसी लिमिटेड के बीच गुरुवार को तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी देश में सूक्ष्मजीव आधारित जैव-उत्पाद आधारित कृषि तकनीकों के बड़े पैमाने पर विस्तार और किसानों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।भाकृअनुप-एनबीएआईएम के निदेशक डॉ.आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत देश के 10 राज्यों में लगभग 1.70 लाख एकड़ कृषि क्षेत्र को लक्षित करते हुए करीब 1.50 लाख किसानों तक सूक्ष्मजीव आधारित उत्पाद पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके माध्यम से किसानों को टिकाऊ फसल उत्पादन के लिए वैज्ञानिक रूप से विकसित तरल सूक्ष्मजीव आधारित जैव-उर्वरक एवं जैव-कीटनाशी तकनीकों से जोड़ा जाएगा।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के किसानों तक इन तकनीकों को पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण, प्रदर्शन एवं खेत-स्तरीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इस साझेदारी के माध्यम से आईसीएआर-एनबीएआईएम ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि भारतीय कृषि के भविष्य को अधिक टिकाऊ, कम लागत वाला और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में लाभकारी सूक्ष्मजीवों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विज्ञान, उद्योग और किसान के इस त्रिकोणीय सहयोग से देश में ‘सूक्ष्मजीव आधारित समाधान से टिकाऊ कृषि और टिकाऊ कृषि से समृद्ध किसान’ की दिशा में एक नई राह प्रशस्त होने की उम्मीद है। यह पहल देश में जलवायु-स्मार्ट, संसाधन-कुशल, पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आईसीएआर-एनबीएआईएम के आसपास के गांवों एवं समीपवर्ती क्षेत्रों के किसान भी इस पहल का लाभ उठा सकते हैं। इच्छुक किसान आईसीएआर-एनबीएआईएम, मऊ से संपर्क कर उपलब्ध सूक्ष्मजीव आधारित जैव-उत्पाद एवं फॉर्मुलेशनों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


