गेहूं-चावल के सुरक्षित भंडारण पर होगा शोध
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने गेहूं-चावल के भंडारण के लिए वैकल्पिक तकनीकों पर शोध के लिए समझौता किया है। यह अध्ययन सीआईपीएचईटी लुधियाना द्वारा दो वर्षों में कार्यान्वित होगा, जिसमें केंद्रीय खाद्य मंत्रालय का सहयोग शामिल है। अध्ययन का उद्देश्य कीटों से सुरक्षित भंडार और टिकाऊ प्रबंधन है।

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते के अनुसार, दोनों संस्थान गेहूं-चावल के सुरक्षित भंडारण और टिकाऊ प्रबंधन के लिए वैकल्पिक तकनीकों पर शोध अध्ययन करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार, दो साल का पहला चरण सीआईपीएचईटी लुधियाना द्वारा लागू किया जाएगा। अध्ययन को केंद्रीय खाद्य मंत्रालय का सहयोग मिलेगा। बताया गया कि भारत में अनाज भंडार को कीटों से बचाने के लिए एल्युमिनियम फॉस्फाइड और मैलाथियान के बार-बार प्रयोग के गंभीर नतीजे सामने आए हैं। शोध में इनके विकल्प तलाशना है।


