21 परिवीक्षाधीन आईएएस अफसर धर्मनगरी का कर रहे अध्ययन
उत्तर प्रदेश संवर्ग के 21 परिवीक्षाधीन आईएएस अधिकारियों का दल चित्रकूट भ्रमण पर है। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक, सामाजिक, और ऐतिहासिक अध्ययन के लिए आयोजित किया गया है। डीएम पुलकित गर्ग ने अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें कर्तव्यनिष्ठा के महत्व पर प्रेरित किया। कार्यक्रम 23 जुलाई तक चलेगा।

चित्रकूट। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2025 बैच में शामिल उत्तर प्रदेश संवर्ग के 21 परिवीक्षाधीन (प्रोबेशनर) अधिकारियों का दल धर्मनगरी चित्रकूट के भ्रमण पर है। यहां सांस्कृतिक, सामाजिक, ऐतिहासिक, शैक्षणिक, औद्योगिक व अवस्थापना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) परिदृश्य को समझने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन आगामी 23 जुलाई तक चल रहा है। इसके पहले इन अधिकारियों का संस्थागत प्रशिक्षण कार्यक्रम पंडित दीनदयाल शोध संस्थान में आयोजित किया गया था। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों के प्रवास एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी यूपी पर्यटन निगम ने संभाल रखी है। डीएम पुलकित गर्ग ने प्रशिक्षण ले रहे अधिकारियों से मुलाकात की।
उन्होंने अपने पूर्व के प्रशासनिक अनुभवों को साझा किया। युवा अधिकारियों को प्रेरित किया कि वह सदैव अपनी कर्तव्यनिष्ठा पर अडिग रहें। संवैधानिक मूल्यों व आधारों को सर्वोपरि रखकर पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा में कार्य करें।


