हर बुखार में एंटीबायोटिक देना आवश्यक नहीं : डॉ. निगम प्रकाश
इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) की दरभंगा शाखा ने 'स्ट्राइक एंटीबायोटिक्स टी-20' कार्यशाला का आयोजन किया। उद्घाटन डॉ. रवि प्रकाश ने किया। कार्यशाला में एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग पर चर्चा की गई। कुल 68 चिकित्सक भाग लिया।

संजय लाला,दरभंगा। इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) की दरभंगा शाखा ने शनिवार को एकमी स्थित एक रिसॉर्ट में ‘स्ट्राइक एंटीबायोटिक्स टी-20’ कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का उद्घाटन डॉ. रवि प्रकाश ने किया। उनके साथ बिहार आईएपी अध्यक्ष डॉ. निगम प्रकाश नारायण, आईएपी कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रश्मि अग्रवाल एवं डॉ. अनिल कुमार, प्रशिक्षक डॉ. अर्पिता खेमका एवं डॉ. मयंक, आईएपी दरभंगा अध्यक्ष डॉ. केएन मिश्रा, शिशु रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रिजवान हैदर, सचिव डॉ. सुभाष चंद्र यादव, कोषाध्यक्ष डॉ. कुमार आनंद तथा वरिष्ठ सदस्य डॉ. ओम प्रकाश और डॉ. साजिद हुसैन ने भी दीप प्रज्वलन में भाग लिया।
कार्यशाला का उद्घाटन
उद्घाटन संबोधन में डॉ. रवि प्रकाश ने बच्चों के उपचार में एंटीबायटिक के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने बाल रोग विशेषज्ञों से कार्यशाला के संदेश को अपने दैनिक चिकित्सकीय अभ्यास में अपनाने की अपील की। प्रारंभिक सत्र में डॉ. रश्मि अग्रवाल और डॉ. निगम प्रकाश नारायण ने कार्यशाला के उद्देश्य समझाए। उन्होंने चर्चा की कि हर बुखार में एंटीबायटिक आवश्यक नहीं होती। दवा लिखने से पहले बीमारी की गंभीरता, जीवाणु संक्रमण की संभावना और जांच की जरूरत का आकलन करना चाहिए। अभिभावकों को उपचार का कारण समझाना तथा जरूरत पड़ने पर रोगी की दोबारा समीक्षा करना भी चर्चा के प्रमुख विषय रहे।
प्रशिक्षण के चार भाग
इसके बाद प्रशिक्षण चार भागों में हुआ। पहले भाग में डॉ. अर्पिता खेमका ने गले, कान, त्वचा तथा हड्डी और जोड़ के संक्रमण सहित बच्चों की सामान्य बीमारियों पर आधारित उदाहरण प्रस्तुत किए। दूसरे भाग में डॉ. अनिल कुमार ने गंभीर एवं उपचार से सुधार न होने वाले निमोनिया, असामान्य निमोनिया, टॉक्सिक शॉक सिंड्रोम और स्क्रब टाइफस पर चर्चा की। तीसरे भाग में डॉ. निगम प्रकाश नारायण ने नवजात में बुखार व मेनिन्जाइटिस तथा दवा प्रतिरोधी संक्रमण के उपचार में उचित एंटीबायोटिक चयन पर बात की। चौथे भाग में डॉ. मयंक ने कुछ महत्वपूर्ण संक्रमणरोधी दवाओं के उपयोग और सावधानियों को समझाया। अंत में लगातार प्रस्तुत किए गए रोगियों के उदाहरणों पर विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के बीच संवाद हुआ। दरभंगा, पटना, मधुबनी और समस्तीपुर से कुल 68 चिकित्सक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

