पत्नी को बच्चा नहीं हुआ पति ने दिया तीन तलाक, केस
पत्नी के बच्चा पैदा नहीं करने पर पति ने तीन तलाक दे दिया। विरोध करने पर ससुराल वालों ने मारपीट की और घर से निकाल दिया। पीड़िता ने अजीमनगर थाना में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पत्नी के बच्चा पैदा नहीं होने पर पति ने तीन तलाक दे दिया। विवाहिता के विरोध करने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मामला मुरादाबाद के पखवाड़ा कस्बे का है। अजीमनगर थाना क्षेत्र के बगरब्बा गांव निवासी एक युवती की शादी 12 वर्ष पूर्व पखवाड़ा निवासी गुलफाम के साथ हुई थी। विवाहिता के कोई बच्चा पैदा नहीं होने पर ससुराल वाले उसे आए दिन ताना मारते रहते थे। इस दौरान कई बार विवाहिता को मारपीट कर ससुराल वालों ने निकाल दिया। लेकिन पंचायत के बाद विवाहिता अपनी ससुराल चली गई थी।
तीन दिन पूर्व पति ने बच्चा ना होने का हवाला देते हुए पत्नी को तीन तलाक दे दिया। विवाहिता ने तलाक का विरोध किया तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। मायके पहुंची पीड़िता ने पूरा माजरा अपने परिजनों को बताया। परिजनों के साथ अजीमनगर थाने पहुंची विवाहिता ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति गुलफाम, नाजिम, अजीम और सम्मु के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


