पत्नी ने उड़ेला खौलता तेल, फिर जेवर लेकर रचाई दूसरी शादी
सौरिख के ईशमपुर गांव में रमेश ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि उसने रात को खौलता तेल डालकर उसे गंभीर रूप से जला दिया। इसके बाद पत्नी सुशीला देवी ने बिना तलाक लिए एक अन्य व्यक्ति से शादी कर ली। रमेश ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

सौरिख, संवाददाता। थाना क्षेत्र के ईशमपुर गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। गांव निवासी रमेश पुत्र बनवारी का आरोप है कि 25 मई 2024 की रात, जब वह घर में सो रहा था, तभी उसकी पत्नी सुशीला देवी ने उस पर खौलता हुआ सरसों का तेल उड़ेल दिया। इस हमले में रमेश गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से हालत नाजुक होने पर कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीडि़त रमेश का कहना है कि वह आज तक इलाज करवा रहा है और जिंदगी दर्द के सहारे गुजर रही है। इसी बीच, आरोप है कि पत्नी सुशीला देवी करीब पांच लाख रुपये के जेवर लेकर बिना तलाक दिए ककरैया गांव निवासी रामसेवक पुत्र सुंदर के साथ शादी रचा ली। इस कथित शादी की मध्यस्थता गोरखपुर गांव निवासी राजेश पुत्र धर्मपाल ने की, जिस पर विवाह के नाम पर पैसे लेने का भी आरोप है। घटना यहीं नहीं थमी। रमेश जब 1 जून 2026 को ककरैया पहुंचा और पत्नी से जेवर वापस कर घर चलने की बात कही, तो आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त का कहना है कि यह लोग उसे रास्ते से हटाना चाहते हैं। थाने में शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने से टूट चुका रमेश आखिरकार न्याय के लिए अदालत की शरण में पहुंचा। कोर्ट के आदेश पर पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस पूरे मामले ने जहां रिश्तों की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पीडि़त की हालत और उसकी न्याय की गुहार लोगों के दिलों को झकझोर रही है। अब देखना यह है कि पुलिस और प्रशासन इस दर्दनाक कहानी में पीडि़त को कब तक इंसाफ दिला पाते हैं।


