शराब के नशे में पति ने पत्नी का गला दबाकर की हत्या
अम्बेडकरनगर के टांडा कोतवाली क्षेत्र के चिंतौरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना में पति ने अपनी पत्नी पूजा की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी टांडा कोतवाली पहुंचा और बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूजा के दो बच्चे भी इस घटना के समय घर में मौजूद थे।
टांडा,अम्बेडकर नगर संवाददाता। अम्बेडकरनगर के टांडा कोतवाली क्षेत्र के चिंतौरा गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कोतवाली से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गांव में पति ने कथित रूप से अपनी पत्नी का गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी स्वयं टांडा कोतवाली पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मृतका की पहचान 30 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है। उसका मायका बसखारी थाना क्षेत्र के रामडीह सराय गांव में है। घटना की जानकारी सबसे पहले मृतका की जेठानी ने गुरुवार सुबह करीब 7:20 बजे पूजा के भाई अजय की पत्नी राजमती को मोबाइल फोन पर दी। इसके बाद पुलिस ने भी मायके पक्ष को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही रामडीह सराय से काफी लोग महिला-पुरुष चिंतौरा पहुंच गए। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया。
हत्या का आरोप
मृतका की भाभी राजमती ने आरोप लगाया कि पूजा का गला दबाकर हत्या की गई है तथा उसके मुंह से खून निकल रहा था। यह चिंतौरा पहुंचकर मैं खुद देखा है। वहीं मृतका के पिता रामपराग ने बताया कि आरोपी रूपचंद शराब पीने का आदी था और अक्सर पूजा के साथ मारपीट करता था। उन्होंने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी उसने पूजा को बुरी तरह पीटकर घर से निकाल दिया था। तब वह किसी तरह अपनी जान बचाकर दूसरे के घर में छिपी थी, जिसके बाद परिजन उसे मायके ले गए थे। काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे दोबारा ससुराल भेजा गया था।
बच्चे घटना के समय घर में
करीब 12 वर्ष पूर्व हुए इस विवाह से पूजा के दो पुत्र आठ वर्षीय गोलू और छह वर्षीय भोलू हैं। घटना के समय दोनों बच्चे घर में ही मौजूद थे। घटना के बाद टांडा कोतवाली के बाहर मायके पक्ष के लोगों की भीड़ जुटी है। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


