पितृपक्ष: सुरक्षा के साथ इंसानियत की मिसाल पेश कर रही पुलिस
-किसी को कंधे का सहारा तो किसी को व्हीलचेयर से मंजिल तक पहुंचा रहे जवान

पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से पिंडदानी गया जी पहुंच रहे हैं। उनकी सुरक्षा के साथ गया जी पुलिस का मानवीय चेहरा भी देखने को मिल रहा है। लाखों की भीड़ के बीच पुलिस के जवान सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर नहीं आ रहे, बल्कि बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय पिंडदानियों के लिए मददगार भी बन रहे हैं। किसी बुजुर्ग को जवान कंधे का सहारा देकर आगे बढ़ा रहे हैं तो किसी दिव्यांग या चलने में असमर्थ पिंडदानी को व्हीलचेयर से उसके गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं। पुलिस की इस मानवीय चेहरे का तीर्थयात्री और आम लोग सराहना कर रहे हैं। सुरक्षा के बीच पुलिस का यह मानवीय अंदाज पितृपक्ष मेला में अलग संदेश दे रहा है।
विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा
विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा और कड़ी पितृपक्ष मेले में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए कर दी गई है। मंदिर में प्रवेश से पहले तीर्थयात्रियों की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और हैंड मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं पर पुलिस की विशेष नजर है। भीड़ नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस की फीडबैक प्रणाली
पुलिस पिंडदानियों और आम नागरिकों से ले रही फीडबैक। पितृपक्ष मेले की सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए गया जी पुलिस फूल एक्शन मोड़ में हैं। पिंडदानियों व आम नागरिकों से एसएसपी सुशील कुमार, सिटी एसपी अभिनव कुमार, ग्रामीण एसपी दिव्यांजली जायसवाल पुलिस की व्यवहार, सलिखा और सुरक्षा का फीडबैक विभिन्न पिंड वेदियों पर जाकर ले रहे हैं। शिकायत मिलने पर उसपर तुरंत एक्शन भी ले रहे हैं। पिंडदानियों और आम नागरिकों से पुलिस के कार्य के बारे में उनकी राय, सुझाव या शिकायत ले रहे हैं। ताकि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार करने की जरूरत हो तो उसे किया जा सके।
सेवा भावना से कार्य करने के निर्देश
एसएसपी सुशील कुमार ने कहा पितृपक्ष मेले में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को सुरक्षा के साथ सेवा भावना से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। आम नागरिकों से भी पुलिस को सहयोग करने की अपील की है।

