बस अग्निकांड में डीएम को नोटिस
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए अग्निकांड में नौ लोगों की मौत पर मानवाधिकार आयोग ने डीएम मेधा रूपम को नोटिस जारी किया है। आयोग ने शिकायतकर्ताओं की मांगों के आधार पर मामले की जांच रिपोर्ट 7 दिसंबर 2026 तक पेश करने का निर्देश दिया है।

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर अग्निकांड मामले में मानवाधिकार आयोग ने डीएम मेधा रूपम को नोटिस जारी किया है। बस अग्निकांड में नौ लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने चालक और परिचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। बता दें कि 23 सितंबर को यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर क्षेत्र में दिल्ली से महोबा जा रही एसी स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत के मामले में उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। दिल्ली निवासी सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा राजपूत की शिकायत पर आयोग ने जिलाधिकारी मेधा रूपम को नोटिस जारी कर मामले की जांच रिपोर्ट तलब की है।
कृष्णा राजपूत ने मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए यात्रियों की सुरक्षा, बस की अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही की जांच की मांग की थी। आयोग ने सुनवाई के बाद जिलाधिकारी को जांच कर सात दिसंबर 2026 तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। प्रकरण को 8 दिसंबर 2026 को आगे की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।


