पूर्णिया: स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
हरदा क्षेत्र के विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि श्रद्धा से मनाई गई। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। डॉ. शिव कुमार ने युवाओं के लिए उनके विचारों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।

पूर्णिया से धीरज की रिपोर्ट हरदा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शुक्रवार को महान दार्शनिक, आध्यात्मिक गुरु एवं युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। पीएसडी कॉलेज हरदा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। वहीं पार्वती मंडल उच्च माध्यमिक विद्यालय हरदा में प्रधानाध्यापक शमीम अख्तर, पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक बिनोद कुमार तथा विवेक कुमार ने उनके जीवन और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला।
मध्य विद्यालय उफरैल में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापिका अर्चना ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं में आत्मविश्वास, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का कार्य किया। मध्य विद्यालय बैगना में प्रधानाध्यापक दिनेश पासवान सहित पूर्णिमा, शंकर कुमार, चंदन कुमार, मनोज कुमार एवं प्रो. डॉ. अजय कुमार ने भी उनके तेलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षा, चरित्र निर्माण और आत्मबल को जीवन की सफलता का मूल मंत्र बताया था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उनके आदर्शों को अपनाने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


