जमीन कारोबार से जुड़े गिरोहों की पहचान कर कार्रवाई करें : डीआईजी
निखार हत्याकांड में एसआईटी के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र दिया गया। डीआईजी ने पुलिस कार्यों की सराहना की और तत्परता से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने टीमवर्क की सराहना की और लंबित मामलों की तेजी से निष्पादन तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता बताई।

निखार हत्याकांड में एसआईटी के सदस्यों को शनिवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीआईजी कोल्हान ने पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें इसी तरह तत्परता और जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले की जांच में जिस तरह से दो जिलों का टीमवर्क काम किया, उससे ही सफलता हाथ लगी। बैठक के दौरान विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और गिरोहों की पहचान बेहद जरूरी है।
उन्होंने विशेष रूप से सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र में जमीन कारोबार से जुड़े गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया। जमीन विवाद और कारोबार की आड़ में आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बढ़ने नहीं दिया जाएगा। डीआईजी ने अधिकारियों से क्षेत्र में सूचना तंत्र मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा।

