पुलिसकर्मियों पर बढ़ा हनी ट्रैप का खतरा, बचाव को मिलेगा प्रशिक्षण
पुलिसकर्मियों को हनी ट्रैप और साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस लाइन में प्रशिक्षण देने की तैयारी है। जवानों को सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान, संदिग्ध वीडियो कॉल, अनजान लिंक और एपीके फाइल से जुड़े जोखिम बताए जाएंगे। उन्हें निजी जानकारी साझा न करने, संदिग्ध फाइल डाउनलोड न करने और ब्लैकमेलिंग की स्थिति में अधिकारियों को सूचित करने की जानकारी दी जाएगी। साइबर एक्सपर्ट की टीम प्रशिक्षण देगी।

पुलिसकर्मियों को हनी ट्रैप और साइबर ठगी से बचाने के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया जा रहा है। बैरक में रहने वाले जवानों को पुलिस लाइन में प्रशिक्षण देने की तैयारी है। इसके तहत सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क, फर्जी प्रोफाइल, वीडियो कॉल और निजी जानकारी साझा करने से जुड़े जोखिमों के बारे में बताया जाएगा। हनी ट्रैप के मामलों में अपराधी सोशल मीडिया या मैसेजिंग एप के जरिए फर्जी पहचान बनाकर लोगों से संपर्क करते हैं। बातचीत के जरिए भरोसा जीतने के बाद निजी तस्वीरें, वीडियो या दूसरी जानकारी हासिल कर ब्लैकमेलिंग की जाती है। कई मामलों में पैसे की मांग भी की जाती है। सुरक्षा बलों ने भी जारी की एडवाइजरी
सुरक्षा बलों की एडवाइजरी
14 अक्तूबर 2026 को जवानों और कर्मियों को हनी ट्रैप, संदिग्ध एपीके फाइल और साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। एडवाइजरी में अनजान लिंक खोलने, संदिग्ध वीडियो कॉल और सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान के जरिए संपर्क करने वालों से सावधान रहने को कहा गया है।
जवानों को साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान जवानों को अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक और फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा ब्लैकमेलिंग की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के बारे में जानकारी दी जा सकती है। इसके लिए साइबर एक्सपर्ट की टीम से सम्पर्क किया गया है। इस टीम द्वारा साइबर अपराध के बारे में जवानों को जानकारी दी जाएगी। इससे पहले भी एक कैम्प पुलिस लाइन में वर्ष 2020 में लगाया गया था, जब ओटीपी से होने वाली ठगी में जवानों को साइबर ठग अपना शिकार बना रहे थे।

