आक्रोश:इंटर्नशिप में मानदेय बढ़ाने को सड़क पर उतरे बीएचएमएस के छात्र
इंटर्नशिप का मानदेय बढ़ाने को लेकर लाइनपार क्षेत्र में प्रदर्शन करते हुए होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज में बीएचएमएस के छात्र इंटर्नशिप का मानदेय बढ़ाने को

होम्योपैथी चिकित्सक बनने के लिए बीएचएमएस की पढ़ाई कर रहे छात्रों ने एमबीबीएस और बीडीएस की तरह उन्हें भी इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले मानदेय में बढ़ोत्तरी करने की मांग सड़कों पर उतरकर उठाई। मुरादाबाद में लाइनपार स्थित राजकीय केजीके होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने लाइनपार क्षेत्र में जुलूस निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया। इस संबंध में उन्होंने अपना एक ज्ञापन प्राचार्य डॉ.डीएस कुशवाहा को दिया। राजकीय केजीके होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में डेढ़ सौ छात्र इंटर्नशिप कर रहे हैं।
छात्रों ने इंटर्नशिप मानदेय में बढ़ोतरी की मांग की
इंटर्नशिप कर रहे छात्रों के समर्थन में बीएचएमएस के सभी कक्षाओं के छात्र उतरे और उन्होंने मानदेय को बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि प्रदेश सरकार ने एमबीबीएस व बीडीएस पाठ्यक्रम के छात्रों को इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले भत्ते की धनराशि को दोगुना बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दिया है जबकि, बीएचएमएस के छात्रों को इंटर्नशिप के दौरान सिर्फ साढ़े सात हजार रुपए का मानदेय ही मिल रहा है। कॉलेज में एनॉटॉमी के विभागाध्यक्ष डॉ.कृष्णवीर सिंह व अन्य शिक्षकों ने इंटर्नशिप बढ़ाने की बीएचएमएस के छात्रों की मांग को लेकर अपनी सहमति जताई।
बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन में शामिल रहे
प्रदर्शन मे प्रवीन ठाकुर, आशीष यादव, राहुल भास्कर, गौरव, अंबुज, मनोज कुमार, पंकज चौधरी, तंजीम, मुजीब, सचिन, राकेश, करिश्मा, फराह, अनुकीर्ति, सौम्या, आकृति, संजना, प्रद्युम्न यादव, साकेत, कफील, यामीन अदनान, कुणाल, निखिल, दीपांशु, ऋतिक आदि छात्र शामिल रहे।

