अब थाने में होमगार्ड कर सकेंगे आराम, होंगे दो कमरे
देवरिया में थानों में होमगार्ड के लिए दो कमरे आरक्षित किए जाएंगे। एक कमरा महिला और दूसरा पुरुष होमगार्ड के लिए होगा। पुलिस अधीक्षक द्वारा यह आदेश दिए गए हैं। होमगार्ड के लिए आराम करने की यह सुविधा उन्हें सुरक्षित ड्यूटी में मदद करेगी।

देवरिया, निज संवाददाता। अब थानों में ड्यूटी बजाने के बाद कुछ देर होमगार्ड भी आराम कर सकेंगे। उनके लिए भी हर थाने में दो-दो कमरे आरक्षित किए जाएंगे। एक कमरा महिला होमगार्ड के लिए तो एक कमरा पुरुष होमगार्ड के लिए होगा। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर की तरफ से हर थानेदार को इसके लिए आदेशित किया गया है।उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग को सरकार लगातार हाईटेक कर रही है। अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। हर थाने पर पुलिस कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। पुलिस कर्मियों के लिए बैरक के अलावा लगातार कमरा बनाए जा रहे हैं।
जिससे की पुलिसकर्मियों को थाने में रहने की दिक्कत न हो। पुलिस कर्मियों के साथ ड्यूटी के दौरान होमगार्ड कंधा से कंधा मिलाकर चलते हैं। लेकिन थानों पर उनके लिए कोई विशेष सुविधा नहीं है। रात हो या दिन, ड्यूटी बजाने के बाद थाने पर आराम करने की सुविधा नहीं है। जिसके चलते पुलिस कर्मियों को ड्यूटी करने के बाद रात को ही घर जाना पड़ता है। कभी-कभी रात को जाते समय होमगार्ड दुर्घटना के भी शिकार हो जाते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। होमगार्ड के लिए भी दो-दो कमरे हर थाने में होंगे। होमगार्ड अपने सामानों को वहां रख सकेंगे और ड्यूटी के बाद आराम करने की जरुरत पड़ी तो उस कमरे में आराम भी कर सकेंगे। होमगार्ड हर थाने पर कमरों की व्यवस्था करने की मांग बहुत दिनों से कर रहे थे। अब पुलिस अधीक्षक ने इससे संबंधित आदेश हर थानेदारों को दिया है।

