210 गांवों में चलेगा एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान
पूर्वी सिंहभूम में एचआईवी-एड्स और यौन संचारित संक्रमण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान शुरू किया गया है। 210 गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि एचआईवी से बचाव के लिए समय पर जांच जरूरी है और भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया जाएगा।

पूर्वी सिंहभूम में एचआईवी-एड्स और यौन संचारित संक्रमण (एसटीआई) को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के 210 गांवों के अलावा स्कूल और कॉलेजों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक के साथ अभियान की शुरुआत हुई। इसकी अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, टीबी विभाग, आईसीटीसी, एसटीआई, टीआई पार्टनर्स, प्लान इंडिया और संपूर्ण सुरक्षा केंद्र समेत विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव, जांच और उपचार की जानकारी दी जाएगी। किशोरों और युवाओं पर विशेष जोर रहेगा।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि एचआईवी से बचाव के लिए समय पर जांच जरूरी है। संक्रमण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के साथ एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोगों के प्रति भेदभाव नहीं करने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि अभियान को केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं रखा जाएगा। स्कूल और कॉलेजों में विद्यार्थियों व शिक्षकों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सह एचआईवी/एड्स नोडल पदाधिकारी डॉ. जोगेश्वर प्रसाद ने अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 210 गांवों में सामुदायिक बैठक, नुक्कड़ नाटक, घर-घर जागरूकता और फ्लैश मॉब के माध्यम से लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाएगी। विभिन्न सरकारी विभागों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


