अनियंत्रित कार ने बाइक में मारी टक्कर, दंपति घायल
शुकुल बाजार में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। कार चालक फरार हो गया है। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश कर रही है।

शुकुल बाजार। संवाददाता थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 58 किमी प्वाइंट के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपत्ति घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।खालिसबाहरपुर निवासी सोनू कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अगस्त की शाम करीब पांच बजे वह पत्नी अनीता के साथ बाइक से घर जा रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास अचानक कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सर्विस रोड की ओर आ गया।
कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन लेकर आजमगढ़ की ओर फरार हो गया। हादसे में सोनू और उनकी पत्नी अनीता को चोटें आईं, जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद सोनू उपचार करा रहे थे। पांच अक्तूबर को उन्होंने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि कार और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


