सुपौल : प्रशासनिक मुस्तैदी से ऐतिहासिक विश्वकर्मा पूजा मेला शांतिपूर्ण संपन्न
वीरपुर में कटैया पावर हाउस परिसर में 55 वर्षों से आयोजित विश्वकर्मा पूजा मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के लिए व्यापक इंतजाम किए। इस बार कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा की।

वीरपुर, एक संवाददाता। कटैया पावर हाउस परिसर में करीब 55 वर्षों से आयोजित हो रहा ऐतिहासिक विश्वकर्मा पूजा मेला इस बार भी श्रद्धा और उत्साह के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मेले में सुपौल सहित आसपास के जिलों के अलावा नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हजारों लोगों की भीड़ के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सुरक्षा व्यवस्था
पूर्व के वर्षों में हुई सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए इस बार प्रशासन विशेष रूप से अलर्ट रहा। एसडीएम वीरपुर विनय कुमार और एसडीपीओ पवन कुमार ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। भीड़ और यातायात नियंत्रण के लिए आठ स्थानों पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, मद्य निषेध विभाग की टीम और पेट्रोलिंग पार्टी को भी लगाया गया था।
कार्यवाही
एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि मेले के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, सहरसा चौक से लोहा पुल, समदा चौक, रानीगंज सीमा सड़क और कटैया पावर हाउस डायवर्सन सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई। एसडीएम ने तैनात अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया था। प्रशासन की मुस्तैदी और सुरक्षा व्यवस्था का असर रहा कि कटैया के ऐतिहासिक विश्वकर्मा मेले के साथ वीरपुर, भीमनगर और रतनपुर थाना क्षेत्र में भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना और मेले का आनंद लिया।

