बेगूसराय को उच्च शिक्षा की सौगात, दिनकर चेयर समेत तीन केंद्रों का शिलान्यास
लीड युवा पेज... विधायक विनय कुमार चौधरी, विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार, पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, एसबीएसएस कॉले

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। लंबे समय से बहुप्रतीक्षित दिनकर चेयर, फॉरेन लैंग्वेज सेंटर एवं इन्क्यूबेशन सेंटर के एक्सटेंशन सेंटर का शिलान्यास ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय दरभंगा के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार चौधरी ने किया। जीडी कॉलेज के पुराने ब्वॉयज हॉस्टल परिसर में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों की उपस्थिति ने इस परियोजना के महत्व को रेखांकित किया। शिलान्यास समारोह में बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी, विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार, पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, एसबीएसएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह, जीडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र नारायण, आरसीएस कॉलेज मंझौल के प्राचार्य प्रो. कमलेश कुमार, सीनेट सदस्य डॉ. सुरेश प्रसाद राय, एमआरजेडी कॉलेज विष्णुपुर के शासी निकाय के सचिव प्रो. अशोक कुमार सिंह, डॉ. शशिकांत पांडेय, डॉ. अंजनी कुमार सिंह सहित अनेक शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन तीनों एक्सटेंशन सेंटर का निर्माण जीडी कॉलेज के पुराने ब्वॉयज हॉस्टल परिसर में लगभग एक एकड़ भूमि पर किया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए पुराने (परित्यक्त) भवनों को हटा परिसर को समतल कर दिया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा तैयार डीपीआर के आधार पर अब निर्माण प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। मौके पर कुलपति डॉ. संजय कुमार चौधरी ने कहा कि इन केंद्रों की स्थापना से बेगूसराय सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध, विदेशी भाषाओं के अध्ययन और नवाचार के नए अवसर मिलेंगे। अब विद्यार्थियों को इन सुविधाओं के लिए बार-बार दरभंगा जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को क्षेत्रीय स्तर तक पहुंचाना है। विभिन्न विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा
शिलान्यास समारोह
इस अवसर पर एसबीएसएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि दिनकर चेयर की स्थापना राष्ट्रकवि रामधारी सिंह 'दिनकर' के साहित्य, विचार और व्यक्तित्व पर अध्ययन एवं शोध को नई दिशा देगी। बेगूसराय दिनकर की जन्मभूमि होने के कारण यहां इसका विस्तार केंद्र स्थापित होना साहित्यिक और अकादमिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं फॉरेन लैंग्वेज सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को अंग्रेजी के अलावा विभिन्न विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा। सीनेट सदस्य डॉ. सुरेश राय ने कहा कि इन्क्यूबेशन सेंटर छात्रों के नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और उद्यमिता को बढ़ावा देगा। यहां युवाओं को अपने नए विचारों को विकसित करने, तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और नवाचार की संस्कृति को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। वर्षों से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना को औपचारिक गति मिलने की उम्मीद निर्माण कार्य की निगरानी के लिए गठित समिति का संयोजक एसबीएसएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह को बनाया गया है। शिलान्यास के साथ ही वर्षों से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना को औपचारिक गति मिलने की उम्मीद है। इसके पूरा होने के बाद बेगूसराय उच्च शिक्षा, शोध, विदेशी भाषा अध्ययन और नवाचार का एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय केंद्र बनकर उभरेगा। इसका लाभ केवल बेगूसराय ही नहीं, बल्कि समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर और आसपास के जिलों के हजारों विद्यार्थियों को भी मिलेगा।
छात्र नेताओं का प्रदर्शन
शिलान्यास समारोह के दौरान कुलपति के खिलाफ छात्र नेताओं ने की नारेबाजी बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। पावर हाउस चौक के पास जीडी कॉलेज के ओल्ड छात्रावास परिसर में सोमवार को शिलान्यास समारोह के दौरान एआईएसएफ व आइसा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी की। कुलपति के सुरक्षाकर्मी और छात्र नेताओं के साथ धक्कामुक्की की नौबत भी आ गई। एआईएसएफ के जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार एवं उपाध्यक्ष बसांत कुमार ने कहा पिछले कई महीनो से कुलपति को पत्र के माध्यम से मिलने की मांग की जा रही थी। कुलपति ने मिलने से साफ इनकार कर दिया। इसके कारण विरोध जताया गया। कहा कि आउटसोर्सिंग से बहाली में सेटिंग गेटिंग के माध्यम से बिना आरक्षण को देखते हुए अपने लोगों को कॉलेज में बहाल कर दिया गया। छात्र संघ चुनाव पिछले 6 वर्षों से नहीं हो रहा है। शीघ्र तिथि जारी कर चुनाव करवाने की मांग की जा रही है। कहा कि हर साल स्नातक तथा पीजी में ऑनलाइन आवेदन के बाद भी हजारों छात्र-छात्र नामांकन से वंचित रह जाते हैं। उन सभी छात्राओं का नामांकन महाविद्यालय में सुनिश्चित किया जाए। आरोप लगाया कि छात्र नेताओं की मांग को नजरंदाज कर कुलपति बेगूसराय से निकल गये। मौके पर आइसा के जिलाध्यक्ष सोनू फर्नाज, छात्र नेता राजीव पटेल, विपिन कुमार, संगम कुमार, सोनू शंकर, अमरजीत राय, सिकंदर सिंह, गौरव मिश्रा, रामकृष्ण पटेल, संजय आदि उपस्थित थे।


