द्वारकाधीश में विजय हिंडोला महोत्सव का हुआ आयोजन
भाद्र कृष्ण पक्ष तीज के दिन ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर में हिंडोला विजय महोत्सव का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने राजाधिराज को झूला झुलाते देखा। मंदिर प्रशासन ने बताया कि अब जन्माष्टमी की तैयारियों में जुट गए हैं। सावन का हिंडोला महोत्सव सफल रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के मंदिर ठाकुर द्वारिकाधीश में भाद्र कृष्ण पक्ष तीज के दिन सायं को हिंडोला विजय महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें राजाधिराज को विराजमान करके झूला झुलाया गया। इसके साथ ही सावन का हिंडोला महोत्सव सम्पन्न हो गया। मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि ठाकुर मंदिर द्वारकाधीश में आज के दिन सांय 5.10 से 5.40 बजे तक उद्यापन के दर्शनों में हिंडोला विजय सजाया गया। हिंडोला विजय के दर्शन करके श्रद्धालु अपने आप को धन्य समझ रहे थे। जब तक मंदिर के दर्शन खुले रहे तब तक मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
इसके साथ ही मंदिर में श्रावण मास के सभी कार्यक्रम संपन्न हो गए। उन्होंने बताया कि अब भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियों को मंदिर में अंतिम रूप दिया जाएगा। 4 सितंबर को होने वाले श्रीकृष्ण जन्म की तैयारियों में मंदिर प्रशासन जुट गया है। शीघ्र ही जन्माष्टमी व नंद महोत्सव के कार्यक्रमों की घोषणा की जाएगी।


