लगी हिन्दी की पाठशाला : बच्चों ने दिखाई वर्तनी की प्रतिभा
हिन्दी दिवस के अवसर पर महराजगंज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में वर्तनी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में रोनिका ने प्रथम, शिवम गुप्ता ने द्वितीय और मुस्कान मद्धेशिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आयोजकों ने हिन्दी को हमारी संस्कृति और पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और इसे एक पखवाड़े के रूप में मनाने की योजना बनाई।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। हिन्दी दिवस के अवसर पर सिटीजन फोरम की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज प्रथम में हिन्दी की पाठशाला कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तनी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने हिन्दी शब्दों की शुद्ध वर्तनी का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में रोनिका ने प्रथम, शिवम गुप्ता ने द्वितीय तथा मुस्कान मद्धेशिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कोमल कुमारी, चंद्रकला गुप्ता, सत्यम विश्वकर्मा, प्रिंस प्रजापति और अखिलेश निषाद को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संरक्षक आरके मिश्रा ने कहा कि हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। उपाध्यक्ष डॉ. घनश्याम शर्मा ने कहा कि भाषा की शुद्धता अच्छे व्यक्तित्व और प्रभावी अभिव्यक्ति की पहचान है।
सचिव डॉ. शान्तिशरण मिश्र, संगठन पशुपति नाथ तिवारी ने कहा कि फोरम द्वारा हिंदी दिवस को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए हिंदी पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। प्रधानाध्यापक बैजनाथ सिंह और शिक्षक गणेश पटेल ने भी प्रतियोगिता में बच्चों का उत्साहवर्धन किया।


