हिंदी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
मऊआइमा। हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व, उपयोगिता और राष्ट्र के विकास में उसकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए तथा कविता, प्रश्नोत्तरी, चित्र-चार्ट और कहानी सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। मऊआइमा के संविलियन विद्यालय विशंभरपुर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एआरपी ज्ञानेन्दु सिंह ने किया। विद्यार्थियों ने हिंदी कविता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, चित्र-चार्ट प्रतियोगिता, कहानी और देशभक्ति से संबंधित प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। एआरपी रमेशचंद्र मिश्र, प्रधानाध्यापक विजय कुमार तथा शिक्षक रामजी तिवारी, रामधनी सिंह और प्रवीण ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस के महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध संस्कृति, साहित्य और भावनाओं को अभिव्यक्त करने वाली सशक्त भाषा है। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कृत किया गया। पुरस्कृत विद्यार्थियों में पिंकी, प्रिया, यशी जायसवाल, शशि, प्रिया यादव, प्रियांजली, शैली और अर्चना आदि रहीं। अंत में एआरपी ज्ञानेन्दु सिंह ने विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को हिंदी भाषा के सम्मान, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार की शपथ दिलाई।


