हिंदी दिवस पर गुरु नानक पब्लिक स्कूल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन
रामगढ़ में श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल ने हिंदी दिवस पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता को दर्शाते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्राचार्य ने हिंदी के प्रति सम्मान पैदा करने पर बल दिया। हिंदी कविता, निबंध प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में भाषा के प्रति प्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना बढ़ी।

रामगढ़, निज प्रतिनिधि श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में हिंदी दिवस के अवसर पर शनिवार, को विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता, गरिमा और विशेषताओं को रेखांकित करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विद्यालय का पूरा वातावरण हिंदीमय हो गया। कार्यक्रम में प्रिंस कुमार ने हिंदी से संबंधित प्रेरणादायक नारों की प्रस्तुति देकर विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति उत्साह जगाया। वहीं विपिन कुमार ने भावपूर्ण ढंग से हिंदी कविता का पाठ कर सभी का मन मोह लिया। रेयांश कुमार ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के सम्मान और प्रयोग की शपथ दिलाई।
आस्था सिंह ने हिंदी भाषा की गरिमा, उपयोगिता और महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए हिंदी के नारों और प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। मंच का कुशल और प्रभावी संचालन मनन ने किया। इस अवसर पर कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों के बीच हिंदी-राष्ट्र की एकता का माध्यम विषय पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी लेखन प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने विचारों को सुंदर और प्रभावशाली तरीके से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन विद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा किया गया। प्राचार्य हरजाप सिंह ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा की गरिमा, महत्व को ध्यान में रखते हुए इसके शुद्ध और प्रभावी प्रयोग पर विशेष बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति सम्मान और गौरव की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। समस्त कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान, राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।


