हिमांशु सिंह हत्याकांड में भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
जमशेदपुर में करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में भाजपा नेता नीरज सिंह को गिरफ्तार किया गया है। बिष्टुपुर पुलिस ने उन्हें 72 घंटे की पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया और जेल भेज दिया। हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है। नीरज सिंह की पत्नी ने अदालत में आदेश के लिए अर्जी दी है।

जमशेदपुर। करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या मामले में बिष्टुपुर पुलिस ने सोमवार को भाजपा नेता सह डीडी बार के संचालक नीरज सिंह को सीजेएम की अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। बताया जाता है कि राजस्थान से गिरफ्तारी के बाद बिष्टुपुर पुलिस ने नीरज सिंह को अदालत के आदेश पर पूछताछ के लिए 72 घंटे के डिमांड पर लिया था। नीरज सिंह की कोर्ट में पेशी के दौरान अधिवक्ता प्रकाश झा एवं राजहंस तिवारी भी मौजूद थे। हिमांशु सिंह की हत्या 27 जून की रात चापड़ से मार कर अपराधियों के समूह ने पुलिस जीप से खींचकर किया था।
मामले का आरोपी राहुल दुबे ने थाना में सरेंडर की थी जबकि विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर जेल गया है। हिमांशु की हत्याकांड के आरोपियों से भाजपा नेता की बातचीत की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार की है। मामले में पुलिस द्वारा जब्त नीरज सिंह के दो कार को रिलीज करने की अर्जी उसकी पत्नी ने अदालत में दी है लेकिन अभी कोई आदेश नहीं हुआ है।


