हिमाचल : सरकारी सीबीएसई शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू
शिमला, एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के 148 सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू हुआ है। इसका उद्देश्य अनुशासन और पेशेवर माहौल बढ़ाना है। निर्धारित रंग हल्का बैंगनी, बैंगनी और नेवी ब्लू हैं। महिला शिक्षकों के लिए विभिन्न परिधान विकल्प हैं, जबकि पुरुष शिक्षकों के लिए शर्ट, पैंट, टाई और ब्लेजर निर्धारित हैं।

शिमला, एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के 148 सरकारी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड गुरुवार से लागू हो गया। शिक्षा विभाग के अनुसार, इसका उद्देश्य स्कूलों में अनुशासन और संस्थागत गरिमा बढ़ाने के साथ शिक्षकों के लिए अधिक व्यवस्थित और पेशेवर माहौल तैयार करना है। शिक्षा विभाग ने बताया कि ड्रेस कोड शिक्षकों की पेशेवर जरूरतों और हिमाचल के मौसम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। निर्धारित रंगों में हल्का बैंगनी, बैंगनी और नेवी ब्लू शामिल हैं। जूते और निर्धारित एक्सेसरीज के लिए काला रंग रखा गया है। महिला शिक्षकों के लिए साड़ी के साथ ब्लेजर, कुर्ता-कमीज के साथ पैंट, प्लाजो या सलवार के साथ ब्लेजर और शर्ट-पैंट के साथ टाई व ब्लेजर के विकल्प दिए गए हैं।
पुरुष शिक्षकों के लिए शर्ट, पैंट, टाई और ब्लेजर निर्धारित किया गया है। ड्यूटी के दौरान शिक्षकों को पहचान पत्र पहनना भी अनिवार्य होगा। ब्लेजर पर संबंधित स्कूल या शिक्षा विभाग का लोगो लगाया जाएगा।

