बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की कार में पीछे से अर्टिगा ने मारी ठोकर, आधा दर्जन घायल
महराजगंज के नौतनवा कस्बे में तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने एक अन्य कार को टक्कर मार दी, जिससे अर्टिगा पलट गई। इस हादसे में आधा दर्जन लोग घायल हुए, लेकिन बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार बाल-बाल बच गए। हादसा पीएनसी द्वारा एक लेन बंद करने के कारण हुआ। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नौतनवा कस्बे के हाईवे स्थित बाईपास पर मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार आ रही एक अर्टिगा कार चालक ने अनियंत्रित होकर दूसरी कार को पीछे से ठोकर मार दिया। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा कार पलट गई। कार में सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए। दुर्घटना में अर्टिगा कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं सामने वाली दूसरी कार में सवार बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार बाल-बाल बच गए। उनके कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। भुंडी बाईपास और बनैलिया मंदिर फ्लाईओवर के बीच में एक कट होने की वजह से हादसा हुआ बताया जाता है।
हाईवे का एक लेन पीएनसी द्वारा बंद किया गया है। दूसरी लेन से ही वाहनों का आवागमन हो रहा है। मंगलवार को भी जब यह हादसा हुआ एक ही लेने में कई वाहन चल रहे थे। तभी एक वाहन चालक कट से दूसरी लेन में जाने लगा और पीछे से आ रही तेज रफ्तार आर्टिगा कार अनियंत्रित हो गई। अर्टिगा ने आगे चल रही बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार की कार से भिड़ गई। दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा कार मौके पर ही पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग अच्छा था कि पूर्व जिलाध्यक्ष की कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। दोनों कार में सवार लोग सुरक्षित हैं। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।


