पांचवीं प्रेगनेंसी ने बढ़ाया जोखिम, रेफर हो रहीं 15 प्रतिशत गर्भवतियां
बागपत में गर्भावस्था के दौरान जोखिम बढ़ने का एक बड़ा कारण चार बार से अधिक प्रेगनेंसी है। स्वास्थ्य विभाग ने 110 महिलाओं को हाई रिस्क प्रेगनेंसी श्रेणी में शामिल किया है। ऐसी गर्भवतियों के लिए नियमित निगरानी और समय से उपचार की जरूरत होती है।

बागपत। गर्भावस्था के दौरान जोखिम बढ़ने का एक बड़ा कारण है चार बार से अधिक प्रेगनेंसी। पांचवीं या अधिक बार गर्भधारण से जच्चा-बच्चा, दोनों के लिए कई तरह की जटिलताएं बढ़ सकती हैं। स्वास्थ्य विभाग की स्क्रीनिंग के दौरान पांच या इससे अधिक बार गर्भवती होने वाली 110 महिलाओं को हाई रिस्क प्रेगनेंसी की श्रेणी में शामिल किया गया है। गर्भवतियों का चिकित्सकीय प्रबंधन कठिन होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। पांचवीं या इससे अधिक गर्भावस्था वाली महिलाओं में प्रसव के दौरान जटिलताओं की आशंका बढ़ सकती है। इनमें प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव, एनीमिया, उच्च रक्तचाप और अन्य जटिलताओं का जोखिम हो सकता है। इसलिए ऐसी गर्भवतियों की पहचान कर नियमित निगरानी और समय से उपचार की जरूरत होती है। बागपत में 110 से अधिक गर्भवतियों को हाई रिस्क श्रेणी में शामिल किया गया है। स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित महिलाओं की चिकित्सकीय स्थिति के आधार पर आगे की निगरानी और उपचार किया गया।
क्या है हाई रिस्क प्रेगनेंसी
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजना शर्मा ने बताया कि हाई रिस्क प्रेगनेंसी में ऐसी गर्भावस्था को शामिल किया जाता है, जिसमें मां या बच्चे के स्वास्थ्य को सामान्य गर्भावस्था की तुलना में अधिक खतरा रहता है। बार-बार गर्भधारण इसके संभावित कारणों में शामिल है। ऐसी महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, चिकित्सकीय निगरानी जरूरी है।


