रिम्स में आयुष्मान योजना में ऑनलाइन भर्ती-डिस्चार्ज लागू करने पर जोर
रांची में आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अस्पताल की डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने, पात्र मरीजों को अधिक लाभ दिलाने और ऑनलाइन उपचार प्रक्रिया पर जोर दिया गया। निदेशक ने सभी विभागों में समन्वय और समय पर कार्य निष्पादन को महत्वपूर्ण बताया।

रांची, वरीय संवाददाता। रिम्स में आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें अस्पताल की डिजिटल व्यवस्था मजबूत करने, पात्र मरीजों को अधिक से अधिक योजना का लाभ दिलाने व उपचार प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन करने पर जोर दिया गया। निदेशक की अध्यक्षता में हुई बैठक में चिकित्सा अधीक्षक, आयुष्मान भारत के नोडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागाध्यक्षों आदि शामिल हुए। बैठक में सी डैक द्वारा विकसित हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (एचआईएमएस) से जुड़े लंबित कार्यों को तय समय पर पूरा करने को कहा गया। साथ ही सभी विभागों में ऑनलाइन एडमिशन व डिस्चार्ज प्रक्रिया को शत-प्रतिशत लागू करने का निर्णय लिया गया।
निदेशक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का उद्देश्य पात्र मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, डिजिटल प्रक्रियाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करना आवश्यक है।


