दावा और आपत्ति आवेदनों का समय पर निष्पादन करने का निर्देश
रांची में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी दावा एवं आपत्ति आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

रांची, विशेष संवाददाता। एसआईआर के तहत गणना चरण पूरा होने के बाद प्राप्त होने वाले दावा एवं आपत्ति आवेदनों के पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन को लेकर समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक हुई। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवेदनों का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में रांची जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक सुमन और सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद थे। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और अपात्र प्रविष्टियों को नियमसंगत हटाकर सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाना है।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि चुनाव आयोग के नियमों का पालन करते हुए हर आवेदन का तय समय के भीतर निपटारा करें। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


