झारखंड के 493 खिलाड़ियों को मिलेगी 4.51 करोड़ की सम्मान राशि
झारखंड में एक उच्चस्तरीय समिति की बैठक में खिलाड़ियों के सम्मान राशि और पेंशन योजना को मंजूरी दी गई। 510 में से 493 खिलाड़ियों को सम्मान राशि दी जाएगी, जिसमें 4.51 करोड़ रुपये का वितरण होगा। पेंशन योजना में केवल 2 आवेदन योग्य पाए गए हैं।

रांची, खेल संवाददाता। खिलाड़ी सम्मान राशि और पेंशन की स्वीकृति के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक शुक्रवार को खेल निदेशक छवि रंजन की अध्यक्षता में मोरहाबादी स्थित कार्यालय में हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सम्मान राशि के लिए प्राप्त 510 आवेदनों में से 493 खिलाड़ियों को योग्य पाया गया। इन खिलाड़ियों को करीब 4.51 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की अनुशंसा की गई। एक अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2026 तक पदक के विरुद्ध सम्मान राशि के लिए राज्य के खिलाड़ियों से कुल 911 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 510 आवेदन योग्य और 401 आवेदन अयोग्य पाए गए। समिति ने 510 आवेदनों की समीक्षा के बाद 493 आवेदनों को योग्य माना। योग्य खिलाड़ियों ने 24 खेल विधाओं में पदक हासिल किए हैं। इनमें हॉकी, फुटबॉल, लॉन बॉल, मॉडर्न पेंटाथलॉन, तीरंदाजी, जिम्नास्टिक, कुश्ती, एथलेटिक्स, साइकिलिंग, गतका, मुक्केबाजी, नेटबॉल, कुराश, भारोत्तोलन, शूटिंग, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, रग्बी, स्क्वॉश, स्केटिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन और पैरा गेम्स शामिल हैं। इन खिलाड़ियों द्वारा अर्जित पदकों में 241 स्वर्ण, 136 रजत और 107 कांस्य पदक शामिल हैं, जबकि 9 पदक टीम भागीदारी से जुड़े हैं。
पेंशन योजना में सिर्फ दो आवेदन योग्य
झारखंड खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत प्राप्त कुल 21 आवेदनों की भी समिति ने गहन समीक्षा की। इनमें से केवल दो आवेदन योग्य पाए गए। शेष आवेदनों में आवश्यक अभिलेख नहीं मिलने पर उन्हें आवेदकों से प्राप्त करने की अनुशंसा की गई है। समिति ने पाया कि खिलाड़ी पेंशन योजना के लिए अपेक्षाकृत बहुत कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। ऐसे में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सभी उपायुक्तों को पत्र भेजने की अनुशंसा की गई।


