हाईकोर्ट पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में चिकित्सा सुविधाओं पर चर्चा
इलाहाबाद हाईकोर्ट पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारियों की चिकित्सा सुविधाओं पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेडिकल प्रतिपूर्ति प्रक्रिया को सरल बनाकर रजिस्ट्रार जनरल को प्रस्ताव सौंपा जाएगा। अध्यक्ष निशीथ वर्मा ने पेंशनरों को एक साझा समूह में जोड़ने का सुझाव दिया।

इलाहाबाद हाईकोर्ट पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की शनिवार को हुई बैठक में सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़ी चिकित्सा सुविधाओं पर चर्चा हुई। एसोसिएशन के अध्यक्ष निशीथ वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक के प्रारंभ में मई और जून के सेवानिवृत कर्मचारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। बैठक में अपूर्व आगा ने चिकित्सा संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। निर्णय लिया गया कि मेडिकल प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाने और सेवानिवृत्ति के बाद समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में रजिस्ट्रार जनरल को प्रत्यावेदन सौंपा जाएगा। इस प्रस्ताव पर उपस्थित सदस्यों ने अपनी सहमति प्रदान करते हुए हस्ताक्षर किए।
अध्यक्ष निशीथ वर्मा ने कहा कि सभी न्यायिक पेंशनरों को एक साझा समूह के माध्यम से जोड़कर रखा जाना आवश्यक है। बैठक का संचालन महासचिव विनोद श्रीवास्तव ने किया। राकेश मिश्र ने अधिक से अधिक पेंशनरों को संगठन से जोड़ने के लिए विभिन्न विकल्पों पर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में विजय कुमार, ओम प्रकाश सिन्हा, रमेश श्रीवास्तव, हनुमान प्रसाद, रोशन लाल पटेल, डीपीएन त्रिपाठी, आरसी पटेल, सावित्री अयरन, सत्येंद्र मिश्र, मनबोध सहित अनेक पेंशनर उपस्थित रहे।


