कैप्टन स्मित के साहस की कहानी ने बच्चों में भरा जोश
विकास खंड नेवादा के स्कूल में विमान पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ पर विशेष कक्षा आयोजित की गई। छात्रों को कैप्टन की बहादुरी की कहानी सुनाई गई, जिसमें उन्होंने एक गंभीर विमान हादसे में 174 यात्रियों की जान बचाई। इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।

विकास खंड नेवादा के उच्च प्राथमिक विद्यालय कटैया में शनिवार को फ्लाई दुबई की उड़ान के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ पर विशेष कक्षा आयोजित की गई। स्मार्ट क्लास के जरिये विद्यार्थियों को विमान हादसे के दौरान कैप्टन स्मित की बहादुरी की जानकारी दी गई। शौर्यगाथा से प्रेरित होकर बच्चों ने निबंध प्रतियोगिता में भी उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। शिक्षक सत्य प्रकाश ने विद्यार्थियों को बताया कि बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी।
विषम परिस्थितियों में उन्होंने विमान को संभालते हुए 27 बच्चों समेत 174 यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की चर्चा देश-विदेश में हुई। उन्होंने बच्चों से कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में घबराने के बजाय धैर्य, साहस और सूझबूझ से निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़-लिखकर निडर, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता कराई गई। बच्चों ने कैप्टन स्मित के साहस और कर्तव्यनिष्ठा पर अपने विचार लिखे। विद्यालय परिवार ने कैप्टन स्मित के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कार्यक्रम में शिक्षक अनिल शर्मा, आकाशदीप पुरी, सचिन सिंह समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।


