फिर बढ़े हेपेटाइटिस के मरीज, तीन नए मिलने हड़कंप
शाहजहांपुर में हेपेटाइटिस के मामलों में वृद्धि हो रही है। हाल ही में तीन नए मरीजों की पुष्टि के बाद मेडिकल कॉलेज में चिंता बढ़ गई है। मरीजों को चिकित्सकों द्वारा उपचार की सलाह दी गई है। पहले भी मामले सामने आ चुके हैं और स्पेशल वार्ड की व्यवस्था भी की गई थी, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।

शाहजहांपुर। जिले में हेपेटाइटिस के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले दिनों मरीज मिलने के बाद मेडिकल कालेज में हड़कंप मचा था, वहीं सोमवार और मंगलवार को दो दिनों में तीन नए मरीजों में हेपेटाइटिस की पुष्टि होने के बाद चौकसी बढ़ा दी गयी। मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें चिकित्सकों को दिखाया गया, जिसमें चिकित्सकों ने सावधानी बरतने के निर्देश दिए। मेडिकल कालेज में मंगलवार को जनरल ओपीडी में पहुंचे मरीजों की खून की जांच कराई गई। जांच में तीन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए भेजा गया। चिकित्सकों ने मरीजों को देख बीमारी की गंभीरता को बताते हुए उपचार को लगातार चलाने और आगे की जांच कराने की सलाह दी। वहीं मेडिकल कालेज के वार्डों और मरीजों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। हालाकि ओपीडी में मरीज खुद नियम तोड़ते नजर आए। जनरल ओपीडी में चिकित्सक डा़ शान ने बताया कि बीमारी को लेकर लापरवाही करने पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं, समय पर उपचार और सावधानी बरतने को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहें।
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
शाहजहांपुर। मेडिकल कॉलेज में इससे पहले भी हेपेटाइटिस के मरीज सामने आ चुके हैं। पहले भी मामले को लेकर आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान में खबर छपने के बाद प्राचार्य की ओर से जिम्मेदारों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए थे। उसके बाद भी सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि इसको लेकर अलग वार्ड की भी व्यवस्था की गई थी, लेकिन वह धरी की धरी रह गई।
ओपीडी में न्यूरो फिजीशियन के बैठने का बदला दिन मरीज परेशान
शाहजहांपुर। मेडिकल कालेज की ओपीडी में सप्ताह में एक बार मंगलवार को न्यूरो फिजीशियन बैठने का दिन निश्चित था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से अचानक ओपीडी में मरीजों को जानकारी दिए ओपीडी का दिन बैठने का समय बुधवार कर दिया गया। इसको लेकर आए दिन गार्डों के साथ झड़प होती रहती हैं। खास बात ताे यह कि चिकित्सक के बैठने का बोर्ड पर मंगलवार अंकित है।


