कांवड़ यात्रा को लेकर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नेपाल से गुरुवार से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नेपाल से गुरुवार से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को लेकर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल संयुक्त रूप से सीमा की पगडंडियों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। वहीं संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है।एसडीएम नौतनवा कुणाल, क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार तथा एसएसबी 22वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट संदीप सिंह के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने नेपाल से भारत आने-जाने वाले यात्रियों की जांच के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस और एसएसबी के जवानों ने सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में नेपाल से आने वाले लोगों की सघन जांच की तथा आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। विशेष रूप से नेपाल से आने वाले कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं होने की बात कही गई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक सोनौली महेंद्र मिश्रा, एसएसबी इंस्पेक्टर विशाल सिंह, चौकी प्रभारी सोनौली उमाकांत सरोज सहित बड़ी संख्या में पुलिस एवं एसएसबी के जवान मौजूद रहे।


