रात में हुई बारिश से तड़के अचानक मंदाकिनी के बढ़े जलस्तर ने बढ़ाई धुकधुकी
चित्रकूट में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश से मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे धर्मनगरी के निवासियों में चिंता फैल गई। जलस्तर करीब दो मीटर बढ़ने से लोग अलर्ट हो गए। हालांकि, बारिश रुकने के बाद जलस्तर में कमी आई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। प्रशासन भी निगरानी रखे हुए है।
चित्रकूट, संवाददाता। सीमा से सटे एमपी इलाके में शुक्रवार की रात हुई जोरदार बारिश से शनिवार को तड़के मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर धर्मनगरी के लोगों की धुकधुकी बढ़ गई। करीब दो मीटर बढ़े जलस्तर के बाद मंदाकिनी का पानी सीढ़ियों के बराबर पहुंच गया। आनन-फानन प्रशासन अलर्ट हुआ। हालांकि बारिश थमने के बाद मंदाकिनी के जलस्तर में कमी आने पर लोगों ने राहत भरी सांस ली।पिछले 29 अगस्त को मंदाकिनी में आए जलप्रलय के बाद धर्मनगरी के लोगों को अब हर समय बाढ़ की चिंता सता रही है। एमपी क्षेत्र में जोरदार बारिश होने के साथ ही मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने की पूरी संभावना रहती है।
मंदाकिनी के जलप्रलय से तबाह हुए रामघाट इलाके में रहने वाले लोग अब खुद ही सतर्कता बरत रहे है। शुक्रवार की रात अचानक मौसम में बदलाव के साथ एमपी इलाके में जोरदार बारिश हुई। जिसके चलते शनिवार को तड़के करीब तीन बजे से मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने लगा। सुबह सवा पांच बजे तक मंदाकिनी का जलस्तर करीब दो मीटर बढ़ गया। हालांकि जलस्तर खतरे के निशान से एक मीटर नीचे ही रहा। सीढ़ियों के बराबर पानी पहुंचने के बाद रामघाट में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई। यूपी-एमपी प्रशासन ने अलर्ट होने के साथ निगरानी बढ़ाई। लेकिन एमपी क्षेत्र में बारिश थमने के बाद फिर मंदाकिनी का जलस्तर कम होने लगा। जिससे प्रशासन के साथ ही निचले इलाके में रहने वाले लोगों ने राहत भरी सांस ली।


