बादलों ने दिखाई भादौं की झलक, चमक-गरज संग हुई तेज बारिश
वाराणसी में मंगलवार शाम को तेज बारिश हुई, जिससे कुल 44.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस हो गया। बारिश ने किसानों को खुशी दी, लेकिन जलजमाव और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्या भी उत्पन्न हुई।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। सावनी बादलों ने मंगलवार शाम भादौं का आभास कराया। तेज हवा, बिजली की चमक और गर्जन के साथ शाम लगभग छह बजे से बादल झूमकर बरसना शुरू हुए। लगभग 45 मिनट तक बरसे, इस दौरान 27.2 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। इसके पहले दोपहर एक बजे के आसपास भी तेज बारिश हुई थी। दोपहर लगभग दो बजे तक 17 मिमी बारिश रिकार्ड की गई थी। कुल मिलाकर मंगलवार को जनपद में 44.2 मिमी वर्षा हुई। इससे वातावरण में नमी बढ़ गई। सात डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। खरीफ सत्र की मुख्य फसल के लिए यह बारिश बहुत फायदेमंद मानी जा रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी कहीं तेज बारिश तो कहीं-कहीं अति वृष्टि का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। वैसे, बारिश का यह दौर 24 अगस्त तक जारी रहने का संकेत है। 23 अगस्त को भारी वर्षा का अलर्ट जारी हुआ है। सावन में अमूमन बारिश की झड़ी लगती रही है। दो से तीन दिनों तक कभी फुहार तो कभी तेज बारिश सावन की पहचान है मगर मंगलवार शाम तड़ित झंझावात की तरह काले बादल उमड़े। कुछ देर बाद तेज हवा भी चलने लगी और चमक-गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग 6.45 बजे तक व्यापक वर्षा हुई। इसके चलते शहर एवं देहात के कई क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन गई। बाबतपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन से पार्किंग से निकलने वाले मार्ग पर पानी लग गया था। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। तरना फ्लाईओवर के सर्विस लेन पर जलजमाव होने से आवागमन प्रभावित हुआ。
बारिश के बाद गिरा पारा
मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रात 8.30 बजे तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश के बाद सात डिग्री की गिरावट हुई है।
पेड़ गिरने से यातायात बाधित
पिंडरा इलाके में रूक-रूक कर पूरे दिन तेज बारिश हुई। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। शाम की बारिश के दौरान पिंडरा-मीराशाह-कठिरांव मार्ग पर पुराना पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। वन रक्षक रमाशंकर यादव पेड़ को हटवाया। आधा घंटा बाद यातायात सामान्य हो पाया। बारिश के चलते पूरे दिन विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही। क्षेत्र के पिंडरा, कठिरांव, सिंधोरा, फूलपुर में जगह जगह जलजमाव दिखा।
किसानों के चेहरे खिले
बड़ागांव क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर एवं शाम को मिलाकर दो घंटे से अधिक समय तक अच्छी बारिश होने से किसानों के चेहरे पर खुशी दिखी। आम लोगों उमस से निजात मिली। चिरईगांव ब्लाक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर में आधे घंटे और सायंकाल पांच बजे के बाद एक घंटे तक तेज बारिश हुई है। कछवारोड के ठठरा गांव, छतेरी, बिहड़ा, चित्रसेनपुर, पूरे,रूपापुर, लालपुर, गौर (मिर्जामुराद), खालीपुर, अमीनी सहित आदि गांवों सुबह से शाम तक अच्छी बारिश हुई।


