झमाझम बारिश, अगले दो दिन भी आसार
वाराणसी में रविवार दोपहर तीन बजे से एक घंटे की तेज बारिश हुई। बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव और सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 32.5 और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता। पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार दोपहर बाद अपराह्न लगभग तीन बजे से चमक-गरज के साथ करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। चार बजे के बाद बारिश कुछ धीमी पड़ी मगर शाम साढ़े छह बजे तक फुहारें पड़ती रहीं। भादौ के बादलों ने उमस से तो राहत दिला दी मगर शहर के कई इलाकों में देर तक जलजमाव बना रहा। प्रमुख सड़कों पर जाम लगा तो कई जगह वाहन फंसे दिखे। मौसम विभाग के अनुसार 25 मिमी बारिश हुई। सोमवार एवं मंगलवार को भारी वर्षा का अलर्ट जारी हुआ है। रविवार सुबह से धूप-छांव का माहौल रहा। इससे वातावरण में उमस बढ़ गई थी।
राहत मिली करीब तीन बजे बारिश शुरू होने पर। अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्नदबाव क्षेत्र के कारण अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।


