शुकतीर्थ में गंगा खतरे के निशान के पार, पुल से आवागमन बंद
लगातार बारिश के कारण गंगा और सोलानी नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। शुकतीर्थ में गंगा खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर पहुँच गई है। गंगा पुल पर यातायात बंद कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी है और शिवरात्रि के लिए सुरक्षा तैनात की है।

लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा व सोलानी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शुकतीर्थ में गंगा खतरे के निशान को पार कर गई है। खतरे की आशंका को देखते हुए शुकतीर्थ स्थित गंगा पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ में सोमवार को गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा। केंद्रीय जल बोर्ड के गेज रीडर प्रीतम सिंह के अनुसार सोमवार को गंगा का जलस्तर 226.70 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से करीब 20 सेंटीमीटर ऊपर है। सोमवार दोपहर तक शुकतीर्थ में 18 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।गंगा का पानी पुल की ऊपरी सतह से टकरा रहा है।
वहीं गंगा व सोलानी नदी का पानी आसपास के खेतों में फैल गया है। मोरना-लक्सर मार्ग पर मजलिसपुर तौफीर, महाराज नगर, खैर नगर व सीताबपुरी में कई स्थानों पर पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है।क्षेत्राधिकारी लक्ष्मण सिंह वर्मा ने बताया कि शिवरात्रि के दृष्टिगत शुकतीर्थ में गंगा स्नान घाट, गंगा बांध से नौवें ठोकर प्वाइंट तक पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


